Fruit Fly Control: फल और सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है. कई बार फसल बाहर से ठीक दिखती है, लेकिन अंदर कीड़े लगने से पूरा फल या सब्जी खराब हो जाती है. इससे किसानों को बाजार में सही दाम नहीं मिल पाता और भारी नुकसान उठाना पड़ता है. NHRDF के संयुक्त निदेशक डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार, इस समस्या से बचने के लिए फेरोमेन ट्रैप बेहद आसान, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल उपाय है. इसके नियमित इस्तेमाल से फल मक्खी जैसे खतरनाक कीटों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. इससे फसल की गुणवत्ता बेहतर रहती है, उत्पादन बढ़ता है और रासायनिक दवाओं पर खर्च भी कम होता है.
कैसे लगते हैं फल और सब्जियों में कीड़े?
डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार फल मक्खी सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाले कीटों में से एक है. यह कीट फलों और सब्जियों की ऊपरी सतह पर बैठकर बहुत छोटे छेद करता है. इसके बाद मादा मक्खी अंदर अंडे छोड़ देती है. शुरुआत में यह नुकसान दिखाई नहीं देता, इसलिए किसान समय पर पहचान नहीं कर पाते. कुछ दिनों बाद इन अंडों से छोटे-छोटे लार्वा निकलते हैं, जो फल या सब्जी के अंदर का गूदा खाना शुरू कर देते हैं. धीरे-धीरे फल अंदर से सड़ने लगता है. बाहर से वह ठीक दिख सकता है, लेकिन काटने पर पूरा हिस्सा खराब निकलता है. यही वजह है कि किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर असर पड़ता है.
फेरोमेन ट्रैप कैसे करता है काम?
डॉ. मिश्रा बताते हैं कि फेरोमेन ट्रैप एक आधुनिक और आसान तकनीक है. इसमें एक खास तरह की गंध होती है, जो नर फल मक्खियों को अपनी ओर आकर्षित करती है. जैसे ही नर मक्खियां ट्रैप के पास आती हैं, वे उसमें फंस जाती हैं और बाहर नहीं निकल पातीं. जब नर मक्खियों की संख्या कम होती है, तो मादा मक्खियों का प्रजनन भी कम हो जाता है. इसका सीधा असर कीटों की बढ़ती संख्या पर पड़ता है. धीरे-धीरे खेत में फल मक्खी का प्रकोप कम होने लगता है. यही वजह है कि यह तरीका फसल बचाने में काफी असरदार माना जा रहा है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें जहरीले रसायनों का उपयोग नहीं होता, इसलिए फल और सब्जियों की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहती है. किसान इसे आसानी से खेत में अलग-अलग जगह पर लगा सकते हैं.
किसानों को क्या मिलेगा फायदा?
इस तकनीक से किसानों को कई बड़े फायदे मिलते हैं. सबसे पहला फायदा यह है कि फसल के अंदर कीड़े लगने की समस्या काफी कम हो जाती है. इससे बाजार में अच्छी क्वालिटी के फल और सब्जियां पहुंचती हैं, जिनका दाम भी बेहतर मिलता है. दूसरा बड़ा फायदा लागत में कमी है. रासायनिक कीटनाशकों पर बार-बार खर्च करने की जरूरत कम पड़ती है. इससे किसान का खर्च घटता है और मुनाफा बढ़ता है. तीसरा फायदा यह है कि यह पर्यावरण और मिट्टी के लिए सुरक्षित है. ज्यादा रसायनों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता घटती है, लेकिन फेरोमेन ट्रैप इस नुकसान से बचाता है. साथ ही यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी सुरक्षित माना जाता है.
बचाव के लिए किन बातों का रखें ध्यान?
डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार किसानों को फेरोमेन ट्रैप का नियमित और सही समय पर उपयोग करना चाहिए. फसल में फूल और फल आने के समय इसे लगाना ज्यादा फायदेमंद रहता है. खेत के आकार के अनुसार पर्याप्त संख्या में ट्रैप लगाने चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा नर मक्खियां फंस सकें. इसके साथ खेत की साफ-सफाई भी जरूरी है. गिरे हुए सड़े-गले फल और सब्जियों को तुरंत खेत से बाहर हटा देना चाहिए, क्योंकि इनमें कीट तेजी से बढ़ते हैं. सिंचाई और पोषण का सही प्रबंधन भी फसल को मजबूत बनाता है. डॉ. मिश्रा ने किसानों से अपील की है कि वे रासायनिक दवाओं के अत्यधिक उपयोग से बचें और इस आसान तकनीक को अपनाएं. यह न सिर्फ फसल बचाने में मदद करेगी, बल्कि टिकाऊ और सुरक्षित खेती की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगी. इससे किसानों की आय बढ़ेगी और अच्छी गुणवत्ता वाली उपज बाजार तक पहुंचेगी.