Kadamba Tree: सौंदर्य और सेहत का खजाना है कदंब का पेड़, पर्यावरण बचाने में भी निभाता है बड़ी भूमिका

कदंब का पेड़ अपनी सुंदरता, घनी छाया और कई उपयोगी गुणों के कारण खास माना जाता है. पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार यह पेड़ हवा को शुद्ध करने में मदद करता है और पक्षियों को भी आश्रय देता है. इसके फूल और फल कई जगह पारंपरिक व्यंजनों में भी उपयोग किए जाते हैं.

नोएडा | Updated On: 15 Mar, 2026 | 07:24 PM

Medicinal Plants: आज के समय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच ऐसे पेड़ों का महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है, जो प्रकृति को संतुलित रखने में मदद करते हैं. ऐसा ही एक खास और उपयोगी पेड़ है कदंब का वृक्ष. अपनी घनी छाया, सुंदर फूलों और कई गुणों के कारण यह पेड़ काफी खास माना जाता है. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अनुसार, कदंब का पेड़ न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाता है बल्कि स्वास्थ्य और पारंपरिक खानपान के लिहाज से भी काफी लाभदायक है.

कदंब का पेड़ क्यों माना जाता है खास

पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार कदंब एक बड़ा और सदाबहार वृक्ष है, जो अपनी अलग पहचान रखता है. इसके पत्ते घने होते हैं और इसकी शाखाएं फैलकर अच्छी छाया देती हैं. यही कारण है कि गांवों और शहरों  में इसे सड़कों के किनारे, पार्कों और खुले स्थानों पर लगाया जाता है. कदम के पेड़ की एक और खास बात इसके गोल आकार के फूल हैं. जब इस पेड़ पर फूल खिलते हैं तो वह देखने में बहुत सुंदर लगते हैं और आसपास का माहौल भी खुशनुमा हो जाता है. यही वजह है कि लोग इसे सजावटी और उपयोगी दोनों तरह का पेड़ मानते हैं.

पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी है यह वृक्ष

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन  विभाग के अनुसार कदंब का पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. यह हवा को शुद्ध करने में मदद करता है और वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाता है. इसके अलावा यह पेड़ पक्षियों और कई छोटे जीवों के लिए सुरक्षित आश्रय भी बनता है. घनी शाखाओं और पत्तियों के कारण कई पक्षी इसमें घोंसला बनाकर रहते हैं. इस तरह यह पेड़ जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी मदद करता है और प्रकृति को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देता है.

भारतीय संस्कृति और परंपरा से भी जुड़ा है कदंब

कदंब का पेड़ सिर्फ पर्यावरण के लिए ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में भी खास स्थान रखता है. कई धार्मिक कथाओं और मान्यताओं में इसका उल्लेख मिलता है. ग्रामीण इलाकों  में लोग इसे शुभ मानते हैं और कई जगह मंदिरों या घरों के आसपास कदंब का पेड़ लगाया जाता है. कुछ स्थानों पर इसके पेड़ के नीचे धार्मिक कार्यक्रम और पूजा-पाठ भी किए जाते हैं. इसी वजह से यह पेड़ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है.

फूल और फल का भी होता है उपयोग

कदंब के पेड़ की खासियत यह है कि इसके फूल और फल  दोनों उपयोगी होते हैं. पर्यावरण विभाग के अनुसार कई स्थानों पर इसके फल खाने योग्य होते हैं और इनका इस्तेमाल पारंपरिक व्यंजनों में भी किया जाता है. कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में कदम के फलों से चटनी बनाई जाती है, जिसे लोग स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा मानते हैं. इसके अलावा कई पारंपरिक उपचार पद्धतियों में भी इस पेड़ के अलग-अलग हिस्सों का उपयोग किया जाता है.

ज्यादा पेड़ लगाना समय की जरूरत

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का कहना है कि आज के समय में हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए. पेड़-पौधे लगाने से न सिर्फ वातावरण स्वच्छ रहता है बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को भी स्वस्थ पर्यावरण मिलता है. कदम का पेड़ इस दिशा में एक अच्छा विकल्प माना जाता है, क्योंकि यह जल्दी बढ़ता है और पर्यावरण को कई तरह से लाभ पहुंचाता है. अगर लोग अपने आसपास खाली जगहों पर कदम जैसे पेड़ लगाएं, तो इससे हरियाली बढ़ेगी और प्रकृति को भी मजबूती मिलेगी. इस तरह कदम का पेड़ केवल सुंदरता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण, संस्कृति और स्वास्थ्य के लिए भी बेहद उपयोगी और महत्वपूर्ण माना जाता है.

Published: 15 Mar, 2026 | 10:21 PM

Topics: