हजारों किसानों ने भोपाल में डेरा डाला.. पुलिस से तीखी झड़प के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान

मध्य प्रदेश में मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद की मांग को लेकर किसान भोपाल में आंदोलन कर रहे हैं. मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी के बीच किसानों ने साफ कहा है कि मांगें पूरी होने तक वे वापस नहीं लौटेंगे. आंदोलन के कारण भोपाल-नर्मदापुरम और मंडीदीप रोड पर यातायात प्रभावित है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 29 Jul, 2026 | 12:43 PM

मध्य प्रदेश में मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है. नर्मदापुरम से पैदल मार्च कर भोपाल पहुंचे किसानों ने राजधानी के सावरकर सेतु के पास डेरा डाल रखा है. इस बीच राज्य सरकार ने भी इस मामले में केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है. सरकार ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर किसानों की मांग पर उचित फैसला लेने का अनुरोध किया है. वहीं, आंदोलन कर रहे किसान अब अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने की तैयारी में हैं. किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

अनिश्चितकाली आंदोलन का ऐलान- राजेश धाकड़

किसान महापंचायत के मध्य प्रदेश अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने बताया कि किसानों ने भोपाल में पड़ाव डाल दिया है और यह अनिश्चितकालीन आंदोलन चलेगा. उन्होंने किसान इंडिया को बताया कि मूंग खरीदी पर सरकार किसानों को टहला रही है. लेकिन अब किसान पीछे नहीं हटेंगे. मुख्यमंत्री को किसानों की बात सुननी होगी और मांगें पूरी करनी होंगी. राजेश धाकड़ ने बताया कि किसान संगठनों का यह मार्च पुलिस की कई बैरिकेडिंग को पार करते हुए राजधानी के बाहरी इलाके तक पहुंचा है. धाकड़ ने साफ कहा है कि जब तक मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद, खाद की उपलब्धता और वितरण से जुड़ी उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक किसान भोपाल से वापस नहीं लौटेंगे. उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.

मुख्यमंत्री आवास का घेराव

राजेश धाकड़ ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले हैं. उनके  अनुसार, किसान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें जगह-जगह रोकने की कोशिश की और आगे नहीं जाने दिया. प्रदर्शन कर रहे एक किसान ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग मूंग की 100 फीसदी MSP पर खरीद सुनिश्चित करना और ई-टोकन व्यवस्था को खत्म करना है. किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.

यातायात प्रभावित हो गया है

किसान आंदोलन के चलते भोपाल-नर्मदापुरम और मंडीदीप रोड पर यातायात प्रभावित हो गया है. कई जगह रास्ते बंद होने से ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है. साथ ही लोगों की सुविधा के लिए कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है.

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी

वहीं, भोपाल में MSP को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था  कड़ी कर दी है. एसीपी आदित्य राज सिंह ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है. एसीपी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर किसानों से बातचीत जारी है और आगे की कार्रवाई अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार की जाएगी.

ई-टोकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए

किसानों ने सरकार से मांग की कि ई-टोकन व्यवस्था  को या तो पारदर्शी और सही तरीके से लागू किया जाए या फिर इसे पूरी तरह खत्म किया जाए. किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे भोपाल में ही डटे रहेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है और चाहती है कि आंदोलन के दौरान कोई गड़बड़ी हो, ताकि किसानों को बदनाम किया जा सके.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 29 Jul, 2026 | 11:42 AM

लेटेस्ट न्यूज़