Maharashtra News: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से फसल नुकसान की मार झेल रहे किसानों के लिए राहत की खबर है. उन्हें जल्द ही आर्थिक मदद दी जाएगी. इसका ऐलान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरने ने किया है. दोनों नेताओं ने अधिकारियों को तुरंत गिरदावरी करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, सरकार के इस फैसला से किसानों ने राहत की सांस ली है. किसानों का कहना है अगर सरकार जल्द फसल नुकसान की राशि जारी करती है, तो वे खरीफ फसलों की बुवाई समय पर कर पाएंगे.
दरअसल, महाराष्ट्र में पिछले हफ्ते हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से करीब एक लाख एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई. ऐसे में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरने ने राज्य के प्रभावित इलाकों का दौरा किया और फसल नुकसान का जायजा लिया. इस दौरान दोनों नेताओं ने किसानों की समस्याएं सुनीं और नुकसान का आकलन कर जल्द राहत उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
डिप्टी सीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दत्तात्रेय भरणे ने इंदापुर तहसील के वडापुरी, सुरवड, गणेशवाड़ी, बावड़ा, तानु, पिंपरी बुद्रुक और लाखेवाड़ी समेत कई गांवों का दौरा कर किसानों से मुलाकात की और फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया. इस दौरान कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे. वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बारामती क्षेत्र के मालवाड़ी गांव का दौरा कर तूफान, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया, किसानों से बातचीत की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
- किसानों के लिए खुशखबरी! बारिश से बर्बाद फसल पर मिलेगा 75,000 रुपये हेक्टेयर मुआवजा
- मॉनसून की दस्तक के साथ ही बदला मौसम का मिजाज, 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- इस घास से सुधरेगी मिट्टी की सेहत और बढ़ेगी उर्वरता, चारे की समस्या भी होगी दूर.. विशेष अभियान शुरू
- तेजी से गिर रहा भूजल स्तर, पेयजल आपूर्ति पर गहरा सकता है संकट.. स्थिति बहुत गंभीर
तुरंत पंचनामा करने के निर्देश दिए
सुनेत्रा पवार ने अधिकारियों को तुरंत पंचनामा करने के निर्देश दिए और कहा कि प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है. मंत्री दत्तात्रेय भरने ने कहा कि जिला प्रशासन को फसल नुकसान का तुरंत गिरदावरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जा सके. उन्होंने कहा कि जैसे ही नुकसान की रिपोर्ट मिलेगी, किसानों को बिना किसी देरी के सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
सरकार किसानों के साथ खड़ी है
भरने ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से जुड़े खराब मौसम के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नुकसान के आकलन की प्रक्रिया में कोई भी प्रभावित किसान छूटना नहीं चाहिए. साथ ही कृषि विभाग को भी कहा गया है कि प्रभावित किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने में पूरी मदद की जाए. मंत्री दत्तात्रेय भरने ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे तथा सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर किसान कर्जमाफी योजना को मंजूरी दी है. उन्होंने कहा कि इस योजना से महाराष्ट्र के लाखों किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही सरकार भविष्य में किसानों को कर्ज के बोझ से बचाने के लिए भी विभिन्न उपायों पर काम कर रही है.