परवल में फूल तो बहुत, लेकिन फल नहीं? अपनाएं एक्सपर्ट का ये 30 दिन का स्प्रे शेड्यूल, फलों से लद जाएगा पौधा

Tips For Farmers: परवल की खेती में फूल से फल बनने के लिए एक वैज्ञानिक 30 दिन का स्प्रे शेड्यूल अपनाना जरूरी है. इसमें बोरॉन, पोटाश, एनएए, सूक्ष्म पोषक तत्व, कीट नियंत्रण दवाएं और कैल्शियम नाइट्रेट का सही समय पर उपयोग शामिल है. इस तकनीक से परागण बेहतर होता है, फूल झड़ने की समस्या कम होती है और फल बनने की दर बढ़ जाती है, जिससे किसानों की पैदावार और आमदनी दोनों में सुधार होता है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 15 Apr, 2026 | 11:10 AM

Parwal Ki Kheti: पूर्वी भारत, खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में परवल की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है. यह एक लाभदायक सब्जी फसल मानी जाती है, लेकिन किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह आती है कि पौधों पर फूल तो बहुत आते हैं, लेकिन उनमें से बहुत कम ही फल बनते हैं. इससे मेहनत और लागत के बावजूद उत्पादन उम्मीद से कम रह जाता है. बिहार स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह ने किसान इंडिया (Kisan India) को बताया कि, इस समस्या के पीछे सिर्फ साधारण खेती नहीं, बल्कि कई वैज्ञानिक कारण भी जुड़े हुए हैं.

इनमें परागण की कमी, पोषण असंतुलन, मौसम का प्रभाव और पौधे की जैविक प्रक्रिया शामिल हैं. अगर इन सभी बातों को समझकर सही तरीके से प्रबंधन किया जाए, तो उत्पादन में 40 से 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है.

नर और मादा पौधों का असंतुलन

कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार, परवल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें नर और मादा फूल अलग-अलग पौधों पर आते हैं. अगर खेत में नर पौधों की संख्या ज्यादा या मादा पौधे कम हो जाएं, तो परागण ठीक से नहीं हो पाता और फल बनने की प्रक्रिया रुक जाती है. यही असंतुलन उत्पादन को सीधे प्रभावित करता है.

परागण की कमी और कीटों की भूमिका

परवल में फल बनने के लिए मधुमक्खियों जैसे कीटों द्वारा परागण बहुत जरूरी होता है. लेकिन कीटनाशकों का अधिक उपयोग, मौसम में बदलाव और मधुमक्खियों की कमी इस प्रक्रिया को रोक देते हैं. जब परागण सही नहीं होता, तो फूल गिर जाते हैं और फल नहीं बनते. इसके अलावा परवल की फसल के लिए 22 से 28 डिग्री सेल्सियस तापमान सबसे उपयुक्त माना जाता है. जब तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है या अचानक मौसम बदलता है, तो पराग की गुणवत्ता प्रभावित होती है और फल बनने की क्षमता कम हो जाती है.

बोरॉन और पोषण की कमी

बोरॉन जैसे छोटे लेकिन जरूरी पोषक तत्व परवल की फसल के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं. यह फूलों के पराग को सही तरीके से बढ़ने और फल बनने की प्रक्रिया को मजबूत करने में मदद करता है. अगर बोरॉन की कमी हो जाए तो फूल कमजोर होकर गिर जाते हैं और फल नहीं बन पाते. इसी तरह अगर पौधे में हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाए, तो फूल से फल बनने की प्रक्रिया रुक सकती है. ज्यादा नाइट्रोजन देना, पोटाश की कमी होना या दूसरे जरूरी सूक्ष्म तत्वों की कमी भी फसल के उत्पादन पर बुरा असर डालती है.

परवल का छिड़काव कार्यक्रम (फूल से फल बनने तक)

दिन क्या करना है
दिन 0 (फूल शुरू होते ही) बोरॉन 2 ग्राम/लीटर + एनएए 1 मिली/4.5 लीटर पानी डालें
दिन 5 पोटाश 10 ग्राम/लीटर + सूक्ष्म पोषक तत्व 2 ग्राम/लीटर का छिड़काव करें
दिन 10 फिर से बोरॉन 2 ग्राम/लीटर + एनएए 10–15 पीपीएम डालें और सुबह हाथ से परागण करें
दिन 15 19:19:19 खाद 10 ग्राम/लीटर + समुद्री घास (seaweed) से बना प्राकृतिक घोल 2 मिली/लीटर डालें
दिन 20 कीटों से बचाव के लिए स्पाइनोसैड या एबामेक्टिन का छिड़काव करें
दिन 25 बोरॉन और पोटाश का एक साथ छिड़काव करें
दिन 30 कैल्शियम नाइट्रेट + समुद्री घास (seaweed) से बना प्राकृतिक घोल डालें

वैज्ञानिक समाधान से बढ़ेगा उत्पादन

इन सभी समस्याओं का समाधान वैज्ञानिक खेती में है. अगर किसान नर-मादा पौधों का सही अनुपात रखें, मधुमक्खी बक्सों का उपयोग करें या सुबह हाथ से परागण करें, तो फल बनने की संभावना काफी बढ़ जाती है. इसके साथ बोरॉन, पोटाश और सूक्ष्म पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग, सही सिंचाई और कीट नियंत्रण से उत्पादन में बड़ा सुधार होता है.

परवल की खेती में असली सफलता ‘सही वैज्ञानिक प्रबंधन’ में छिपी है. अगर किसान समय पर सही तकनीक अपनाएं, तो हर फूल को फल में बदला जा सकता है और खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

दूध उत्पादन में कौन सा राज्य सबसे आगे है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
जायद सीजन.
विजेताओं के नाम
रजनीश जाट, नासिराबाद, अजमेर राजस्थान.

लेटेस्ट न्यूज़