तुअर की बुवाई बढ़ी, फिर भी भाव में तेजी.. कम बारिश और सीमित सप्लाई से बाजार मजबूत

देश में तुअर की बुवाई बढ़ने के बावजूद कीमतों में तेजी बनी हुई है. महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश से उत्पादन घटने की आशंका है. सीमित सप्लाई और धीमे आयात ने बाजार को सहारा दिया है. गुलबर्गा में तुअर का भाव 9,400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. त्योहारों में मांग बढ़ने से भाव मजबूत रहने की उम्मीद है.

Kisan India
नोएडा | Published: 8 Sep, 2026 | 08:45 AM

देश में तुअर की बुवाई का रकबा बढ़ने के बावजूद इसके भाव में तेजी बनी हुई है. कृषि मंत्रालय के मुताबिक, 4 सितंबर तक तुअर की बुवाई 1.6 फीसदी बढ़कर 45.66 लाख हेक्टेयर हो गई है. हालांकि, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है. सीमित सप्लाई ने भी तुअर की कीमतों को सहारा दिया है. इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) के ताजा बाजार अपडेट के मुताबिक, कारोबारियों को तुअर के भाव मजबूत रहने या आगे और बढ़ने की उम्मीद है. दाल के बढ़ते भाव से मिलर्स का मार्जिन बेहतर हो रहा है, जिससे तुअर की खरीदारी भी बढ़ रही है.

इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) के मुताबिक, मंडियों में तुअर की आवक  कम है. म्यांमार और अफ्रीकी देशों से ऊंचे भाव के ऑफर मिल रहे हैं, जबकि आयात की रफ्तार धीमी है. आयातित तुअर की लागत मौजूदा बाजार भाव से ज्यादा होने के कारण भी सप्लाई बढ़ने में दिक्कत आ रही है. वहीं, बाजार में तुअर का उपलब्ध स्टॉक सीमित है और कारोबारी मौजूदा स्टॉक बेचने से बच रहे हैं. अफ्रीकी देशों से नई खेप की लागत भी मौजूदा भाव से ज्यादा है. साथ ही, नई खेप से तुरंत सप्लाई बढ़ने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में त्योहारों के दौरान तुअर की मांग काफी हद तक कारोबारियों, आयातकों और मिलर्स के पास मौजूद स्टॉक पर निर्भर करेगी.

गुलबर्गा में तुअर 9,400 रुपये क्विंटल

इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) के मुताबिक, 5 सितंबर को गुलबर्गा में घरेलू तुअर का भाव 8,500 से 9,400 रुपये प्रति क्विंटल रहा. यह पिछले महीने के मुकाबले 1,100 रुपये और पिछले साल की समान अवधि से 2,668 रुपये ज्यादा है. अकोला में तुअर 8,800 से 8,825 रुपये प्रति क्विंटल बिकी. यहां भाव पिछले महीने से 500 रुपये और पिछले साल की समान अवधि से 2,100 रुपये बढ़ा है. वहीं, मुंबई में आयातित अफ्रीकी तुअर का भाव 6,500 से 8,500 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

तुअर दाल के भाव भी बढ़े

गुलबर्गा में तुअर दाल का भाव 12,000 से 12,100 रुपये प्रति क्विंटल रहा. यह पिछले महीने से 600 रुपये और पिछले साल की समान अवधि से 2,400 रुपये ज्यादा है. अकोला में तुअर दाल 12,100 से 12,300 रुपये प्रति क्विंटल बिकी. यहां भाव पिछले महीने से 700 रुपये और सालाना आधार पर 2,900 रुपये बढ़ा है. तुअर की बुवाई का रकबा बढ़ने के बावजूद महाराष्ट्र और कर्नाटक में फसल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. लंबे समय से कम बारिश के कारण कई इलाकों में पौधों की बढ़वार कमजोर हुई है. कर्नाटक के कई हिस्सों में सूखा घोषित किया गया है.

इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) के मुताबिक, फिलहाल तुअर की तत्काल कमी नहीं है, लेकिन बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है. सरकार के पास करीब 10 लाख टन तुअर का स्टॉक है. इसके बावजूद आने वाले समय में उत्पादन कम रहने की आशंका से बाजार में चिंता बनी हुई है.

सितंबर के अंत से अफ्रीकी तुअर की सप्लाई

अफ्रीकी देशों से तुअर की नई खेप सितंबर के आखिर से आने की उम्मीद है. IPGA के मुताबिक, दाल की लगातार मांग, मिलर्स की खरीद और कई इलाकों में असमान बारिश के कारण तुअर के भाव को आगे भी सहारा मिल सकता है. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, झारखंड, गुजरात और तेलंगाना समेत कई राज्यों में तुअर की बुवाई बढ़ी है. उत्तर प्रदेश में तुअर का रकबा 33 फीसदी बढ़कर 4.95 लाख हेक्टेयर हो गया है. झारखंड में यह 53 फीसदी बढ़कर 2.12 लाख हेक्टेयर पहुंच गया.

कर्नाटक और महाराष्ट्र में घटा रकबा

गुजरात में तुअर का रकबा 11 फीसदी बढ़कर 3.13 लाख हेक्टेयर और तेलंगाना में 17 फीसदी बढ़कर 2.23 लाख हेक्टेयर हो गया. आंध्र प्रदेश में भी रकबा 9 फीसदी बढ़कर 2.42 लाख हेक्टेयर हो गया है. कर्नाटक में तुअर का रकबा 9 फीसदी घटकर 12.93 लाख हेक्टेयर रह गया है. मध्य प्रदेश में यह 15 फीसदी घटकर 2.74 लाख हेक्टेयर और महाराष्ट्र में 1.5 फीसदी घटकर 12 लाख हेक्टेयर रह गया.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़