चीनी की कीमतों में बड़ी गिरावट, 1700 रुपये तक घटा भाव.. जानें ताजा खुदरा रेट

चीनी की मिल गेट कीमत 5,000 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे आ गई है, लेकिन खुदरा भाव 60 रुपये किलो से ज्यादा बना हुआ है. पिछले हफ्ते के रिकॉर्ड स्तर से मिल कीमतों में 1,700 रुपये से अधिक की गिरावट आई है. सरकार के शुल्क मुक्त आयात और जमाखोरी रोकने के कदमों से कीमतों में और राहत की उम्मीद है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 27 Aug, 2026 | 10:34 AM

Sugar Price Hike: चीनी की कीमतों में अब मिल स्तर पर गिरावट शुरू हो गई है. बुधवार को चीनी का मिल गेट कीमत 5,000 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे आ गई, लेकिन खुदरा बाजार में चीनी अभी भी 60 रुपये किलो से ज्यादा के भाव पर बिक रही है. दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में थोक कीमतों में भी कम से कम 100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई.पिछले हफ्ते रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद चीनी की मिल गेट कीमतों में 1,700 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार देर शाम महाराष्ट्र की एक मिल ने S-30 ग्रेड चीनी का भाव 4,801 रुपये और M-30 ग्रेड का भाव 4,901 रुपये प्रति क्विंटल रखा. उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है मिल गेट कीमतें अब 5,000 रुपये से नीचे आ गई हैं. खरीदार 4,500 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा देने को तैयार नहीं हैं. ऐसे में फिलहाल बाजार में खरीदारों का दबदबा बढ़ गया है.

रीसेल चीनी के दाम में गिरावट

चीनी की मिल कीमतों में गिरावट के साथ रीसेल बाजार में भी भाव कम हुए हैं. कारोबारियों और एजेंटों ने पहले टेंडर के जरिए मिलों से खरीदी गई S-30 ग्रेड चीनी का भाव बुधवार को 5,100-5,250 रुपये प्रति क्विंटल बताया. शुक्रवार को यही चीनी 5,500-5,800 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी. वहीं, M-30 ग्रेड चीनी का रीसेल भाव करीब 5,850 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

187 टन चीनी 5,120 रुपये क्विंटल में बिकी

कहा जा रहा है कि श्री नीलकंठेश्वर एसएसके लिमिटेड ने बुधवार शाम 5,120 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर 110 टन S-30 ग्रेड चीनी बेची. मिल ने कुल 187 टन चीनी बिक्री के लिए रखी थी. वहीं, 5,120 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर 176.40 टन चीनी की दूसरी पेशकश को कोई खरीदार नहीं मिला.

थोक में चीनी के दाम 5,800-6,500 रुपये क्विंटल

चीनी की थोक कीमतों में गिरावट के बावजूद खुदरा बाजार में दाम अभी भी ऊंचे बने हुए हैं. बुधवार को थोक भाव मुंबई में 5,800 रुपये से लेकर चेन्नई में 6,500 रुपये प्रति क्विंटल तक रहे. वहीं, खुदरा बाजार में चीनी 61 रुपये से 65 रुपये किलो के भाव पर बिकी. उपभोक्ता मामलों के विभाग के प्राइस मॉनिटरिंग डिविजन के आंकड़ों के मुताबिक, देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत बुधवार को बढ़कर 65.05 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. मंगलवार के मुकाबले इसमें 1 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई.

नई खरीद के बाद खुदरा कीमतों में आ सकती है गिरावट

कारोबारियों के मुताबिक, खुदरा बाजार में चीनी महंगी बिकने की एक वजह यह है कि दुकानदारों के पास अभी पुराना स्टॉक है, जिसे उन्होंने ऊंची कीमत पर खरीदा था. जैसे ही दुकानदार नई कीमत पर चीनी खरीदेंगे, खुदरा दाम में गिरावट आने की उम्मीद है. उद्योग से जुड़े लोगों के मुताबिक, सरकार की ओर से पिछले हफ्ते 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति देने से कीमतों में गिरावट आई है. इसके अलावा सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए कई राज्यों में कारोबारियों पर कार्रवाई शुरू की है. सरकार चीनी मिलों के भौतिक स्टॉक की निगरानी भी कर रही है. वहीं, महीने में 10 टन से ज्यादा चीनी खरीदने वाले बड़े खरीदारों के लिए स्टॉक लिमिट घटाकर उनकी 15 दिनों की जरूरत के बराबर कर दी गई है. इन कदमों का मकसद चीनी की कीमतों पर नियंत्रण रखना है.

नोट: मिल गेट कीमत वह शुरुआती कीमत होती है, जिस पर चीनी मिलें अपने कारखाने से सीधे थोक व्यापारियों, वितरकों या बड़े खरीदारों को चीनी बेचती हैं. इस कीमत में आमतौर पर ट्रांसपोर्ट, लोडिंग, स्थानीय टैक्स और गोदाम जैसे अतिरिक्त खर्च शामिल नहीं होते हैं. 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 27 Aug, 2026 | 10:31 AM

लेटेस्ट न्यूज़