PDS दुकानों पर प्याज की किल्लत, सप्लाई बढ़ाने की उठी मांग.. 35 रुपये किलो है भाव

तमिलनाडु के मदुरै जिले में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच लोग PDS दुकानों पर 35 रुपये किलो प्याज की सप्लाई बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. 3 सितंबर को आई प्याज की खेप एक दिन में बिक गई. अब ग्रामीण इलाकों की 400 दुकानों पर 30 टन प्याज बांटा जा रहा है. जल्द ही 30 टन और प्याज मिलने की उम्मीद है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 14 Sep, 2026 | 07:52 AM

तमिलनाडु के मदुरै जिले में लोगों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों पर 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की सप्लाई बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि 3 सितंबर को दुकानों पर आया प्याज सिर्फ एक दिन में ही बिक गया. ऐसे में आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, क्योंकि मार्केट में प्याज बहुत महंगा बिक रहा है. एक किलो प्याज के लिए उपभोक्ताओं को 70 से 80 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं.

मदुरै के रहने वाले एम. मथिवन्नन ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि प्याज की बढ़ती कीमत लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है. 3 सितंबर को पीडीएस दुकानों पर 35 रुपये किलो प्याज मिलने की खबर के बाद बड़ी संख्या में राशन कार्ड धारक खरीदारी के लिए पहुंच गए. अझगर कोविल रोड, टीवीएस नगर, पलंगनाथम और विरागनूर जैसे इलाकों की पीडीएस दुकानों पर प्याज खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने सरकार से मांग की है कि कम कीमत पर प्याज की उपलब्धता बनाए रखने के लिए दुकानों पर इसकी सप्लाई बढ़ाई जाए.

प्याज की कीमत 80 रुपये किलो

मेलूर के एसपी पेरुमल ने कहा कि सितंबर के पहले हफ्ते में जब प्याज की कीमत करीब 100 रुपये किलो थी, तब PDS दुकानों पर 35 रुपये किलो में प्याज पहुंचा. इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में राशन कार्ड धारक प्याज खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच गए. पेरुमल ने बताया कि वितरण के दौरान कुछ लोगों को खराब और सड़ा हुआ प्याज भी मिला. उन्होंने कहा कि मदुरै जिले में प्याज की कीमत अभी करीब 80 रुपये किलो है. ऐसे में हर PDS दुकान पर प्याज का ज्यादा कोटा दिया जाना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सस्ती दर पर प्याज मिल सके.

मदुरै में प्याज की बढ़ी मांग, पहले चरण में 61 टन की सप्लाई

जिला सहकारिता विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्याज की मांग काफी ज्यादा है. विभाग इस मांग को समझता है और उसी के अनुसार सप्लाई की जा रही है. अधिकारी ने कहा कि पहले चरण में 61 टन प्याज मिला था. इसे मदुरै शहर और आसपास की नगरपालिकाओं की PDS दुकानों पर भेजा गया. इसमें मेलूर, तिरुमंगलम और उसिलमपट्टी तालुक के इलाके भी शामिल थे.

मदुरै की 400 PDS दुकानों पर पहुंचा 30 टन प्याज

हालांकि, मदुरै जिले में प्याज की नई खेप पहुंच रही है. शुक्रवार को 30 टन प्याज की सप्लाई मिली थी. इसे जिले के ग्रामीण इलाकों की 400 PDS दुकानों पर बांटा जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में 30 टन प्याज की एक और खेप पहुंचने की उम्मीद है. इस प्याज को शहरी इलाकों की PDS दुकानों पर बांटा जाएगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 14 Sep, 2026 | 07:37 AM