प्याज की कीमतों में बंपर उछाल, 70 रुपये किलो हुआ रेट.. इस वजह से अचानक बढ़ीं कीमतें

हैदराबाद में प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. शहर के बाजारों में प्याज 45 से 70 रुपये किलो तक बिक रहा है. मलकपेट मंडी में रोजाना जरूरत के मुकाबले 1,200 टन कम प्याज पहुंच रहा है. कम बारिश और महाराष्ट्र, कर्नाटक व कुरनूल में उत्पादन घटने से सप्लाई प्रभावित हुई है. उपभोक्ताओं ने सरकार से सस्ते प्याज की मांग की है.

Kisan India
नोएडा | Published: 13 Sep, 2026 | 11:01 PM

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पिछले एक महीने से प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. इससे आम लोगों का रसोई का बजट बिगड़ने लगा है. शहर के 11 रायतू बाजारों में शनिवार को प्याज 45 से 50 रुपये किलो बिका. वहीं, सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले प्याज के लिए करीब 60 रुपये किलो तक वसूल रहे हैं. क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर प्याज की कीमत और ज्यादा है. यहां एक किलो प्याज 60 से 70 रुपये तक मिल रहा है. यानी बाजार के हिसाब से प्याज के दाम में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. पिछले एक महीने में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर इसका असर पड़ रहा है.

तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद की सबसे बड़ी थोक प्याज मंडी मलकपेट मार्केट यार्ड में प्याज की आवक कम हो गई है. शहर की जरूरत पूरी करने के लिए मंडी में रोजाना औसतन 6,800 टन प्याज की जरूरत होती है. लेकिन अभी मंडी में रोजाना जरूरत के मुकाबले करीब 1,200 टन कम प्याज पहुंच रहा है. आवक में कमी के कारण शहर में प्याज की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है. इसका असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है.

कम बारिश से प्याज की फसल प्रभावित, आवक में आई कमी

इस मॉनसून सीजन में कम बारिश को प्याज की कमी और बढ़ती कीमतों की बड़ी वजह माना जा रहा है. कृषि विपणन समिति के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, हैदराबाद के बाजारों में प्याज की सप्लाई  मुख्य रूप से महाराष्ट्र, कर्नाटक और कुरनूल से होती है. अधिकारी ने कहा कि इस बार मॉनसून कमजोर रहने से प्याज की उपलब्धता पर असर पड़ा है. कुरनूल में प्याज का उत्पादन काफी घट गया है. वहीं, महाराष्ट्र में बारिश के अनियमित रहने से भी प्याज की फसल प्रभावित हुई है.

प्याज की कमी से बढ़े दाम, ठेले वाले 60 रुपये किलो तक बेच रहे

उन्होंने कहा कि इस समय हैदराबाद के बाजारों में सामान्य दिनों के मुकाबले बहुत कम मात्रा में प्याज की खेप पहुंच रही है. इससे बाजार में प्याज की कमी बनी हुई है और कीमतों में तेजी देखी जा रही है. ऐसे में हैदराबाद में प्याज की कमी का फायदा उठाकर सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले ज्यादा दाम वसूल रहे हैं. ठेले पर प्याज 60 रुपये किलो या उससे ज्यादा में बेचा जा रहा है. अच्छी क्वालिटी के प्याज के दाम इससे भी ज्यादा हैं, जबकि कम गुणवत्ता वाला प्याज भी करीब 50 रुपये किलो बिक रहा है. प्याज के बढ़ते दाम से आम लोग परेशान हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले से ही LPG की बढ़ी कीमतों का बोझ है. अब प्याज महंगा होने से घर का बजट और बिगड़ गया है. लोगों ने राज्य सरकार से प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने की मांग की है. उन्होंने सरकार से सब्सिडी वाले दाम पर प्याज बेचने की व्यवस्था करने की अपील की है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 13 Sep, 2026 | 11:01 PM