प्याज के बाद अब लहसुन भी महंगा, 400 रुपये किलो पहुंचा भाव.. अदरक पर भी महंगाई की मार

तेलंगाना के मंचेरियल जिले में जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं. चीनी और प्याज की कीमत 30 से बढ़कर 70 रुपये किलो हो गई है. लहसुन 400 और अदरक 300 रुपये किलो पहुंच गया है. व्यापारियों के मुताबिक, सप्लाई में कमी, खराब मौसम और अल नीनो के असर से कीमतें बढ़ी हैं. महंगाई से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा है.

वेंकटेश कुमार
नई दिल्ली | Published: 13 Sep, 2026 | 10:00 PM

तेलंगाना के मंचेरियल जिले में जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. चीनी के दाम एक महीने में 30 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो हो गए हैं. वहीं, रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले प्याज की कीमत भी 30 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो पहुंच गई है. यानी एक महीने में प्याज के दाम में करीब 133 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. लेकिन अब अदरक और लहसुन की कीमतें भी किचन का बजट बिगाड़ रही है. पिछले कुछ हफ्तों में ही दोनों की कीमतें बढ़कर करीब दोगुनी हो गईं. इससे आम उपभोक्ता महंगाई की मार झेलने को विवश हैं.

लहसुन-अदरक के दाम भी बढ़े, तेल और चावल हुए महंगे

तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले लहसुन और अदरक की कीमतों में भी तेजी आई है. पिछले कुछ हफ्तों में लहसुन के दाम 200 रुपये से बढ़कर 400 रुपये किलो हो गए हैं. यानी इसकी कीमत करीब दोगुनी हो गई है. वहीं, अदरक 150 रुपये से बढ़कर 300 रुपये किलो पहुंच गया है. हालांकि, अगस्त में अदरक 150 रुपये किलो बिक रहा था. इसके अलावा पिछले कुछ महीनों में नारियल, खाना पकाने के तेल और चावल की कीमतों में भी काफी बढ़ोतरी हुई है. जरूरी खाद्य वस्तुओं के महंगे होने से आम लोगों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा है.

बढ़ते दाम से आम लोग परेशान हैं

जरूरी सामान के बढ़ते दाम से आम लोग परेशान हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि प्याज, लहसुन और अदरक की कीमत बढ़ने के बाद वे इन्हें खरीदने से पहले सोचने को मजबूर हैं. लोगों ने सरकार से खाद्य वस्तुओं  की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि हाल के दिनों में खाना पकाने का तेल, फल, चीनी, नारियल, दाल, चावल समेत कई जरूरी सामान महंगे हुए हैं. लगातार बढ़ती कीमतों से घर का बजट बिगड़ रहा है और परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है.

सप्लाई घटने से बढ़े प्याज-लहसुन-अदरक के दाम, अल नीनो का भी असर

व्यापारियों के मुताबिक, मांग और सप्लाई में बड़ा अंतर होने की वजह से प्याज, लहसुन और अदरक के दाम तेजी से बढ़े हैं. उनका कहना है कि अल नीनो  के असर से इन फसलों की खेती और उत्पादन प्रभावित हुआ है.  आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक से इन जिंसों की सप्लाई होती है. इन राज्यों में भारी बारिश के कारण फसलों की पैदावार काफी घट गई है. इससे बाजार में आवक कम हुई और कीमतें बढ़ गईं.  विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ने से भी प्याज, लहसुन और अदरक की महंगाई को बढ़ावा मिला है. वहीं, नई फसल के प्याज के खराब होने की आशंका के बीच व्यापारी इसे स्टोर करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 13 Sep, 2026 | 10:00 PM