तेलंगाना सरकार ने केंद्र से दाल, मक्का, ज्वार और तिलहन की 100 फीसदी सरकारी खरीद कराने की मांग की है. राज्य के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के दौरान यह मांग रखी. उन्होंने कहा कि दाल और तिलहन की सरकारी खरीद की मौजूदा सीमा 25 फीसदी से बढ़ाकर 100 फीसदी की जानी चाहिए. इससे किसानों को उनकी फसलों का बेहतर दाम मिलेगा और बाजार में सुरक्षा भी मिलेगी. मंत्री ने कहा कि इससे किसानों का भरोसा बढ़ेगा और फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा. वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेलंगाना सरकार को दालों की सरकारी खरीद का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि ज्वार और मक्के की खरीद का मुद्दा संबंधित मंत्री के सामने रखा जाएगा.
कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने केंद्र से पाम ऑयल के किसानों के लिए न्यूनतम गारंटीड कीमत तय करने की भी मांग की. उन्होंने फ्रेश फ्रूट बंच (FFB) के लिए 25,000 रुपये प्रति टन की कीमत तय करने का सुझाव दिया, ताकि किसानों के लिए पाम ऑयल की खेती ज्यादा आकर्षक बन सके. राव ने राज्य में रीजनल ऑयल पाम रिसर्च सेंटर बनाने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि तेलंगाना में खाद्य तेल वाली इस फसल को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है. इसके अलावा, उन्होंने केंद्र से नए सीड एक्ट को जल्द लाने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस कानून में राज्य सरकार के सुझावों को भी शामिल किया जाना चाहिए.
कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने पर जोर
तेलंगाना सरकार ने किसानों को कम पानी वाली फसलों की ओर बढ़ाने और उन्हें बेहतर बाजार सुरक्षा देने के लिए मक्का और ज्वार की केंद्रीय खरीद शुरू करने की मांग की है. फिलहाल इन दोनों फसलों की खरीद राज्य सरकार कर रही है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव को दालों की सरकारी खरीद का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि ज्वार और मक्का की खरीद का मुद्दा संबंधित केंद्रीय मंत्री के सामने रखा जाएगा.
नारियल किसानों के लिए क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय की मांग
साथ ही कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने राज्य में नारियल की खेती बढ़ने का हवाला देते हुए भद्राद्री कोठागुडेम में क्षेत्रीय नारियल विकास बोर्ड कार्यालय खोलने की मांग की है. राव ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय बनने से नारियल किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली पौध, तकनीकी जानकारी, वैल्यू एडेड उत्पाद तैयार करने और बाजार से जुड़ी मदद आसानी से मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि इससे राज्य में नारियल की खेती को और बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. इसके अलावा राव ने तेलंगाना में ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑयल पाम रिसर्च (ICAR-IIOPR) के तहत क्षेत्रीय ऑयल पाम रिसर्च सेंटर बनाने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय मौसम और जलवायु के हिसाब से रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी.
माइक्रो इरिगेशन और पानी बचाने के लिए ज्यादा फंड की मांग
राव ने PM-RKVY के ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ कार्यक्रम के तहत तेलंगाना के लिए ज्यादा फंड देने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि इससे राज्य में माइक्रो इरिगेशन का विस्तार होगा और पानी के बेहतर इस्तेमाल में मदद मिलेगी. कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने केंद्र से फर्जी और घटिया बीजों पर रोक लगाने के लिए व्यापक बीज कानून जल्द लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि नए कानून में तेलंगाना सरकार की ओर से सुझाए गए बदलावों को भी शामिल किया जाना चाहिए. इसके अलावा, राव ने केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत तेलंगाना के लिए अतिरिक्त घरों की मांग की.