Gardening Tips: इस खाद से गमलों के पौधे फिर होंगे हरे-भरे, पत्तियों की पीलापन समस्या होगी दूर

गमलों के पौधों की धीमी बढ़वार और पत्तियों के पीलेपन की समस्या को दूर करने के लिए माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्सचर खाद एक आसान समाधान बन रही है. यह खाद पौधों को जरूरी पोषण देकर उन्हें जल्दी हरा-भरा और मजबूत बनाने में मदद करती है. इससे गार्डन के पौधे स्वस्थ दिखते हैं और फूल भी ज्यादा खिलते.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 6 Feb, 2026 | 08:37 PM

Gardening Tips: अगर आपके गमलों के पौधे मुरझा रहे हैं, पत्तियां पीली पड़ रही हैं या फूल-फल कम आ रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. एक सस्ती और आसान खाद पौधों को दोबारा हरा-भरा बना सकती है. कम कीमत में मिलने वाली माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्सचर खाद आजकल गार्डनिंग करने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह खाद कुछ ही दिनों में असर दिखाने लगती है और पौधों की बढ़वार में साफ फर्क नजर आता है.

मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी से रुकती है बढ़वार

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कई बार पौधों को पानी और सामान्य खाद देने के बाद भी उनकी बढ़वार ठीक से नहीं हो पाती. पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे कमजोर दिखने लगते हैं. इसकी बड़ी वजह मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्वों  की कमी होती है. जिंक, आयरन, मैंगनीज, कॉपर और बोरॉन जैसे तत्व पौधों की सेहत के लिए जरूरी होते हैं. इनकी कमी होने पर पौधे ठीक से बढ़ नहीं पाते और फूल-फल भी कम लगते हैं.

माइक्रोन्यूट्रिएंट खाद से पौधों को मिलता पूरा पोषण

माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्सचर खाद इन सभी जरूरी पोषक तत्वों का संतुलित मिश्रण होती है. यह पौधों की जड़ों को मजबूत बनाती है और नई पत्तियों व कलियों की वृद्धि में मदद करती है. इसके इस्तेमाल से पौधों की हरियाली बढ़ती है और उनका रंग भी गहरा हो जाता है. यही कारण है कि गार्डनिंग करने वाले लोग अब इस खाद का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं.

इस्तेमाल करना है बेहद आसान

यह खाद बाजार में पाउडर और लिक्विड दोनों रूपों में मिल जाती है. पाउडर खाद को थोड़ी मात्रा में गमले की मिट्टी में मिलाकर हल्की गुड़ाई कर सकते हैं या पानी में घोलकर डाल सकते हैं. वहीं लिक्विड खाद को पानी में मिलाकर पत्तियों पर छिड़काव किया जा सकता है. नियमित रूप से सही मात्रा में इस्तेमाल करने पर पौधों को लगातार पोषण मिलता रहता है और उनकी ग्रोथ बेहतर होती है.

फूल, फल और सब्जियों के पौधों के लिए फायदेमंद

यह खाद सिर्फ सजावटी पौधों के लिए ही नहीं, बल्कि सब्जियों और फलदार पौधों के लिए भी उपयोगी मानी जाती है. टमाटर, मिर्च और बैंगन जैसे पौधों में इससे फूल और फल ज्यादा आने लगते हैं. वहीं गुलाब और गेंदा जैसे फूलों के पौधे भी ज्यादा खिले-खिले दिखाई देते हैं. कम खर्च में अच्छे परिणाम मिलने की वजह से यह खाद गार्डनिंग करने वालों के लिए एक आसान और असरदार विकल्प बनती जा रही है. कुल मिलाकर, अगर गमलों के पौधे कमजोर पड़ रहे हैं या बढ़वार धीमी हो गई है, तो माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्सचर खाद का सही इस्तेमाल उन्हें दोबारा स्वस्थ और मजबूत बना सकता है. थोड़ी-सी देखभाल और सही पोषण से आपका गार्डन फिर से हरा-भरा और खूबसूरत दिखने लगेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 Feb, 2026 | 08:37 PM

केला जल्दी काला क्यों पड़ जाता है?