तंबाकू की खेती कर किसान कमा सकते हैं लाखों रुपये, जानें एक एकड़ में कितना होगा फायदा

तंबाकू की खेती कई राज्यों के किसानों के लिए अच्छी कमाई का जरिया बन रही है. कम समय में तैयार होने वाली इस फसल में लागत कम और मुनाफा ज्यादा बताया जा रहा है. सही देखभाल और अच्छी गुणवत्ता होने पर किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिल सकती है, जिससे उनकी आमदनी बढ़ने की उम्मीद रहती है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 12 May, 2026 | 05:11 PM

Tobacco Farming: देश में कई किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ ऐसी खेती की ओर भी बढ़ रहे हैं, जिसमें कम समय में ज्यादा कमाई हो सके. तंबाकू की खेती भी ऐसी ही फसलों में शामिल है. खासकर गुजरात, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में किसान बड़े स्तर पर तंबाकू की खेती कर रहे हैं. बाजार में तंबाकू और खैनी की लगातार मांग रहने के कारण किसानों को अच्छी कीमत मिल जाती है. यही वजह है कि कई इलाकों में यह खेती किसानों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बनती जा रही है.

गुजरात और आंध्र प्रदेश सबसे बड़े उत्पादक

भारत में तंबाकू की खेती  सबसे ज्यादा गुजरात में की जाती है. देश के कुल उत्पादन में गुजरात की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत बताई जाती है. यहां खास तौर पर बीड़ी में इस्तेमाल होने वाला तंबाकू ज्यादा पैदा होता है. इसके बाद आंध्र प्रदेश का नाम आता है, जहां फ्लू-क्योर वर्जीनिया यानी FCV तंबाकू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है. इसके अलावा कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और तेलंगाना भी तंबाकू उत्पादन के प्रमुख राज्य हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि तंबाकू की अच्छी पैदावार के लिए उपजाऊ दोमट मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है. सही मौसम और अच्छी देखभाल से किसान बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं.

1 एकड़ में कितनी आती है लागत

तंबाकू की खेती में शुरुआत में कुछ खर्च जरूर आता है, लेकिन कमाई भी अच्छी  हो सकती है. किसानों के अनुसार 1 एकड़ में तंबाकू की खेती करने में करीब 25 हजार से 35 हजार रुपये तक की लागत आती है. इस लागत में खेत की जुताई, बीज, खाद, सिंचाई, मजदूरी और दूसरी जरूरी चीजें शामिल होती हैं. खेती शुरू करने से पहले खेत की अच्छी तैयारी करना जरूरी माना जाता है. यह फसल आमतौर पर अक्टूबर महीने में लगाई जाती है और फरवरी-मार्च तक तैयार हो जाती है. यानी करीब 3 से 4 महीने में किसान फसल काट सकते हैं.

1 एकड़ से लाख रुपये तक कमाई का दावा

तंबाकू की खेती से उत्पादन  भी अच्छा मिलता है. एक एकड़ में करीब 25 से 30 मन यानी लगभग 1000 से 1200 किलोग्राम तक उत्पादन हो सकता है. बाजार में तंबाकू की कीमत गुणवत्ता के अनुसार तय होती है. कई जगह किसानों को 3000 से 4000 रुपये प्रति मन तक भाव मिल जाता है. ऐसे में कुल आय 1 लाख से 1.5 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. अगर खेती की लागत निकाल दी जाए, तो किसान को करीब 70 हजार से 1 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा होने की संभावना रहती है. यही कारण है कि कई किसान इसे नकदी फसल के रूप में अपनाने लगे हैं.

कटाई के बाद सुखाने की प्रक्रिया बेहद जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि तंबाकू की खेती में सिर्फ उत्पादन  ही नहीं, बल्कि कटाई के बाद की प्रक्रिया भी बहुत महत्वपूर्ण होती है. फसल काटने के बाद पत्तों को सही तरीके से सुखाना जरूरी होता है. अगर पत्ते अच्छी तरह नहीं सुखाए गए, तो उनकी गुणवत्ता खराब हो सकती है और बाजार में कम कीमत मिलती है. इसलिए किसान सुखाने की प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतते हैं. हालांकि कृषि विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि किसान किसी भी नकदी फसल की खेती शुरू करने से पहले बाजार की मांग, सरकारी नियम और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी जरूर लें. सही योजना और मेहनत के साथ तंबाकू की खेती किसानों के लिए अच्छी कमाई का जरिया बन सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 May, 2026 | 05:11 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा