कम खर्च में डबल कमाई का मौका, इस पक्षी के पालन से बदल सकती है किसानों की किस्मत!

Duck Farming: मैथिली बत्तख पालन गांवों में कम खर्च में अच्छी कमाई का आसान तरीका बनता जा रहा है. यह देशी नस्ल स्थानीय मौसम में आसानी से पलती है और अंडा व मांस दोनों देती है. पशुपालन विभाग के अनुसार छोटे किसान और महिला समूह इसे अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं और रोजगार पा सकते हैं.

नोएडा | Published: 12 Mar, 2026 | 03:58 PM

Maithili Duck: गांवों में खेती के साथ पशुपालन हमेशा से कमाई का अच्छा जरिया रहा है. अब बिहार और आसपास के इलाकों में मैथिली बत्तख का पालन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. पशुपालन और डेयरी विभाग के अनुसार यह देशी नस्ल कम खर्च में पाली जा सकती है और इससे अंडा और मांस दोनों मिलते हैं. यही कारण है कि छोटे किसान और महिला समूह इसे अपनाकर अपनी आय बढ़ा रहे हैं. आसान देखभाल और स्थानीय मौसम में आसानी से ढल जाने की वजह से मैथिली बत्तख पालन गांवों में नई उम्मीद बन रहा है.

स्थानीय मौसम में आसानी से रहती है स्वस्थ

पशुपालन और डेयरी विभाग के अनुसार मैथिली बत्तख देशी नस्ल  होने के कारण बिहार और पूर्वी भारत के मौसम में आसानी से रह सकती है. ज्यादा गर्मी या ठंड में भी यह जल्दी बीमार नहीं पड़ती. यही वजह है कि किसान इसे कम खर्च में पाल सकते हैं. मैथिली बत्तख को बड़े फार्म की जरूरत नहीं होती. तालाब, खेत के किनारे या गांव के छोटे जलाशय में भी यह आसानी से पल जाती है. यही कारण है कि गरीब और छोटे किसान भी इसका पालन कर सकते हैं.

अंडा और मांस दोनों से फायदा

मैथिली बत्तख  की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे दो तरह की कमाई होती है. किसान इसके अंडे भी बेच सकते हैं और मांस भी बेच सकते हैं. इससे सालभर आमदनी बनी रहती है. एक बत्तख साल में अच्छे संख्या में अंडे देती है. गांवों में बत्तख के अंडे की मांग भी रहती है. इसके अलावा बत्तख का मांस भी बाजार में अच्छे दाम पर बिक जाता है. इस तरह किसान को दोहरा फायदा मिलता है.

कम खर्च में आसान पालन

पशुपालन विभाग के अनुसार मैथिली बत्तख पालन के लिए ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ता. यह बत्तख खेतों में मिलने वाले कीड़े, घास और अनाज के दानों से भी पेट भर लेती है. इसलिए महंगा दाना खरीदने की जरूरत कम पड़ती है. अगर किसान थोड़ा संतुलित आहार दे दें तो बत्तख जल्दी बढ़ती है और उत्पादन भी अच्छा होता है. कम खर्च और कम मेहनत की वजह से यह छोटे किसानों के लिए अच्छा विकल्प बन गया है.

महिला समूहों के लिए अच्छा रोजगार

गांवों में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए मैथिली बत्तख पालन  अच्छा रोजगार बन सकता है. महिलाएं घर के आसपास ही बत्तख पाल सकती हैं और अंडे बेचकर नियमित आय कमा सकती हैं. पशुपालन विभाग का मानना है कि अगर महिला समूह मिलकर बत्तख पालन करें तो उनकी कमाई और बढ़ सकती है. इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे.

सही देखभाल से बढ़ेगा मुनाफा

विशेषज्ञों के अनुसार बत्तख पालन में साफ पानी और साफ जगह बहुत जरूरी है. बत्तख को गंदगी से दूर रखना चाहिए ताकि बीमारी न फैले. समय-समय पर टीकाकरण  भी जरूरी होता है. अगर किसान सही देखभाल करें तो मैथिली बत्तख से अच्छी कमाई की जा सकती है. पशुपालन विभाग भी किसानों को बत्तख पालन अपनाने की सलाह दे रहा है. आज के समय में किसान खेती के साथ दूसरे काम भी करना चाहते हैं ताकि आय बढ़ सके. मैथिली बत्तख पालन ऐसा ही आसान काम है जिससे कम खर्च में अच्छी कमाई हो सकती है. पशुपालन और डेयरी विभाग के अनुसार अगर किसान सही तरीके से मैथिली बत्तख पालन करें तो यह गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद कर सकता है. आने वाले समय में यह ग्रामीण रोजगार का बड़ा साधन बन सकता है.

Topics: