रोजाना सफाई से चमकेगा बकरी पालन, बीमारियां होंगी दूर और मुनाफा तेजी से बढ़ेगा

पशुपालन विभाग के अनुसार बकरी पालन में साफ-सफाई और सूखा बिछावन बेहद जरूरी है. गंदगी और नमी से बीमारियां बढ़ती हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ता है. रोजाना सफाई और सही देखभाल से बकरियां स्वस्थ रहती हैं, दूध और वजन बढ़ता है, जिससे पशुपालकों की आय में सुधार होता है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 30 Apr, 2026 | 03:27 PM

Goat Farming: पशुपालन के क्षेत्र में सफलता सिर्फ अच्छे नस्ल के पशु रखने से नहीं मिलती, बल्कि उनकी सही देखभाल और साफ-सफाई भी उतनी ही जरूरी होती है. पशुपालन और डेयरी विभाग के अनुसार, पशुशाला की स्वच्छता सीधे तौर पर पशुओं के स्वास्थ्य और उत्पादन को प्रभावित करती है. खासतौर पर बकरी पालन में साफ-सफाई और सूखा वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि बीमारियों से बचाव हो सके और आय में बढ़ोतरी हो.

गंदगी और नमी बनती हैं बीमारियों की वजह

पशुशाला में अगर गंदगी और नमी  बनी रहती है, तो यह बैक्टीरिया और वायरस के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करती है. इससे बकरियों में त्वचा रोग, खुरपका-मुंहपका, और सांस से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि गीला फर्श और गंदा बिछावन बकरियों के लिए सबसे बड़ा खतरा होता है. इससे उनके पैरों में संक्रमण और शरीर में कमजोरी आ सकती है. इसलिए जरूरी है कि पशुपालक रोजाना पशुशाला की सफाई करें और नमी को पूरी तरह खत्म करें.

सूखा और साफ बिछावन क्यों है जरूरी

बकरियों के बैठने  और आराम करने के लिए जो बिछावन इस्तेमाल किया जाता है, उसका साफ और सूखा होना बेहद जरूरी है. अगर बिछावन गीला या गंदा होगा, तो बकरियां उसमें बैठने से बीमार हो सकती हैं. सूखा बिछावन रखने से बकरियों के शरीर का तापमान संतुलित रहता है और उन्हें आराम मिलता है. इसके लिए भूसा, सूखी घास या लकड़ी का बुरादा इस्तेमाल किया जा सकता है. पशुपालन विभाग सलाह देता है कि बिछावन को नियमित रूप से बदलते रहें, ताकि उसमें गंदगी जमा न हो और पशुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके.

रोजाना सफाई से बढ़ेगा उत्पादन

साफ-सुथरे माहौल में पली-बढ़ी बकरियां ज्यादा स्वस्थ रहती हैं और उनका उत्पादन भी बेहतर होता है. स्वस्थ बकरियां ज्यादा दूध देती हैं और उनका वजन भी तेजी से बढ़ता है, जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. अगर पशुशाला गंदी  होगी, तो बकरियां तनाव में रहती हैं, जिससे उनका खान-पान प्रभावित होता है और उत्पादन घट सकता है. इसलिए रोजाना गोबर और कचरे को हटाना, पानी की जगह को साफ रखना और हवा के उचित निकास की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है.

साफ पशुशाला से बढ़ेगी आय और मुनाफा

पशुपालन को एक सफल व्यवसाय  बनाने के लिए साफ-सफाई पर ध्यान देना सबसे जरूरी कदम है. जब बकरियां स्वस्थ रहेंगी, तो उनका इलाज कराने में खर्च भी कम होगा और उत्पादन ज्यादा मिलेगा. इससे पशुपालकों की आय में सीधा फायदा होता है. इसके अलावा साफ पशुशाला से दुर्गंध भी नहीं फैलती, जिससे आसपास का वातावरण भी अच्छा बना रहता है. सरकार और पशुपालन विभाग भी समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बता रहे हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी कितने रुपये तय किया है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
पुंगनूर नस्ल
विजेताओं के नाम
सुभाष चंद्र गुप्ता- किसनपुर, अमेठी, उत्तर प्रदेश

लेटेस्ट न्यूज़