दूध की नदी या सेहत का खजाना? देसी और जर्सी गाय के बीच का अंतर समझें और चुनें सही विकल्प

पशुपालन शुरू करते समय अक्सर लोग दूध की मात्रा और गुणवत्ता के बीच उलझ जाते हैं. जहां जर्सी गाय अपनी भारी दूध उत्पादन क्षमता के लिए मशहूर है, वहीं भारतीय नस्ल की देसी गाय अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता और औषधीय गुणों वाले A2 दूध के लिए जानी जाती है. अपनी जरूरतों के हिसाब से सही चुनाव करना ही मुनाफे की असली कुंजी है.

नोएडा | Updated On: 15 Mar, 2026 | 07:38 PM

Desi vs Jersey Cow : पशुपालन का काम शुरू करने वाले हर किसान के मन में एक ही सवाल सबसे पहले आता है-घर में देसी गाय लाऊं या विदेशी जर्सी? यह सवाल ठीक वैसा ही है जैसे आप मोबाइल खरीदते समय यह सोचते हैं कि बैटरी लंबी चले या कैमरा बढ़िया हो. एक तरफ हमारी देसी गाय है जो सालों से हमारी संस्कृति और सेहत का आधार रही है, तो दूसरी तरफ जर्सी गाय है जिसे दूध की मशीन कहा जाता है. आज हम भावनाओं को किनारे रखकर सीधे काम की बात करेंगे कि आखिर आपके बजट और जरूरत के हिसाब से कौन सी गाय पालना फायदे का सौदा है.

क्वांटिटी या क्वालिटी?

अगर आपका मुख्य मकसद ज्यादा से ज्यादा दूध बेचकर मुनाफा  कमाना है, तो जर्सी गाय बाजी मार लेती है. एक जर्सी गाय दिन में 15 से 20 लीटर तक दूध आसानी से दे देती है, जबकि आम देसी गाय (जैसे गीर या साहीवाल को छोड़कर) 5 से 10 लीटर तक ही सीमित रहती है. लेकिन यहां एक पेंच है-क्वालिटी का. देसी गाय का दूध A2 प्रोटीन से भरपूर होता है, जिसे अमृत माना जाता है और जिसकी कीमत शहरों में बहुत ज्यादा मिलती है. जर्सी का दूध मात्रा में ज्यादा है, पर औषधीय गुणों के मामले में देसी गाय का कोई मुकाबला नहीं है.

देख-रेख और नखरे-किसका खर्चा ज्यादा?

यहां पासा पलट जाता है. देसी गाय हमारे देश की मिट्टी और मौसम में पली-बढ़ी है, इसलिए उसे ज्यादा सुख-सुविधाओं की जरूरत नहीं होती. वह कड़ाके की धूप और बीमारियों को आसानी से झेल लेती है. इसके उलट, जर्सी गाय थोड़ी नाजुक होती है. उसे गर्मी बहुत जल्दी लगती है, उसे रखने के लिए पंखे या कूलर की जरूरत पड़ सकती है और वह बीमार भी जल्दी पड़ती  है. अगर आप कम खर्चे में बिना किसी तनाव के पशुपालन करना चाहते हैं, तो देसी गाय सबसे वफादार साथी साबित होती है.

खुराक का खर्च-कौन कितना खाती है?

जर्सी गाय का शरीर बड़ा होता है और दूध देने की क्षमता  ज्यादा, इसलिए उसकी खुराक भी भारी-भरकम होती है. उसे महंगे दाने और अच्छा हरा चारा चाहिए. अगर उसे सही डाइट न मिले, तो उसका दूध उत्पादन तुरंत गिर जाता है. वहीं देसी गाय जीरो बजट खेती के लिए बेस्ट है. वह सूखा चारा और खेतों की घास खाकर भी स्वस्थ रहती है. खास बात यह है कि देसी गाय का गोबर और मूत्र खेती के लिए सोना माना जाता है, जिससे आप जैविक खेती करके अपनी लागत और कम कर सकते हैं.

आखिरी फैसला-आपके लिए क्या सही है?

फैसला आपकी स्थिति पर निर्भर करता है. अगर आप शहर के पास रहते हैं और आपके पास दूध की सीधी सप्लाई का अच्छा मार्केट है जहां लोग A2 दूध के लिए 80-100 रुपये लीटर देने को तैयार हैं, तो देसी गाय (जैसे गीर, साहीवाल या थारपारकर) पालना सबसे बड़ी समझदारी है. लेकिन, अगर आप डेयरी चला रहे हैं और आपका दूध सीधे डेयरी प्लांट या सरकारी समितियों  में जाता है जहां सिर्फ फैट और मात्रा के पैसे मिलते हैं, तो जर्सी या एचएफ क्रॉस गाय आपकी कमाई बढ़ा सकती है.

Published: 15 Mar, 2026 | 03:37 PM

Topics: