अगर लगन से सही दिशा में कोई काम किया जाए तो सफलता मिलना निश्चित है. मध्य प्रदेश के नीमच जिले के एक छोटे से गांव की महिला प्रेमलता पाटीदार ने तेल पेराई कारखाना खोलकर अपने परिवार की किस्मत बदल ली है. उन्होंने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर नारियल तेल पेराई की यूनिट शुरू की है और आज उनकी हर महीने की कुल आमदनी 8 लाख रुपये है और 2 लाख रुपये हर महीने मुनाफा मिल रहा है. इतना ही नहीं वह कई लोगों को रोजगार भी दे रही हैं और अब गोपाल कृष्ण नाम से ब्रांड भी बिक रहा है, जिसकी देशभर में खूब मांग है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनके काम की सराहना की है.
बामोरा गांव की प्रेमलता ने खाद्य तेल यूनिट लगाकर सफलता पाई
मध्य प्रदेश सरकार के उद्यानिकी विभाग के अनुसार राज्य में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकरण योजना (PMFME Yojana) चलाई जा रही है और जिलावार लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा रहा है. इसके तहत नीमच जिले के बमोरा गांव की प्रेमलता पाटीदार ने खाद्य तेल पेराई कारखाना शुरू किया है. वह कभी घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहती थीं, लेकिन अब एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना ने उनके सपनों को पंख देकर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है.
20 लाख रुपये का लोन लेकर शुरू किया कारोबार
प्रेमलता पाटीदार ने कहा कि वे हमेशा से कुछ अपना करना चाहती थीं, लेकिन संसाधनों की कमी और मार्गदर्शन के अभाव में आगे बढ़ना आसान नहीं था. इसी दौरान उन्हें उद्यानिकी विभाग के जरिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकरण योजना (PMFME Yojana) की जानकारी मिली. योजना के तहत उन्होंने 23.61 लाख रुपये की लागत से ‘बालाजी उद्योग’ नाम से खाद्य तेल यूनिट लगाई. उद्योग की स्थापना के लिए उन्होंने नीमच जिले में भारतीय स्टेट बैंक की जीरन शाखा से 20 लाख रुपये का लोन लिया. शासन की ओर से उन्हें 8.26 लाख रुपये का अनुदान भी मिला.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा

तेल पेराई यूनिट में प्रेमलता पाटीदार.
हर महीने कुल आमदनी 8 लाख रुपये और मुनाफा 3 लाख रुपये
प्रेमलता ने ‘गोपाल कृष्ण’ नाम के ब्रांड से कोकोनट ऑयल का पंजीयन कराया और अपने उत्पाद को बाजार में उतारा. गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और निरंतर मेहनत के बल पर उनका व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ा. आज उनका मासिक टर्नओवर लगभग 8 से 10 लाख रुपये है और वे हर महीने 2 से 3 लाख रुपये की शुद्ध आय हासिल कर रही हैं. सालाना लाभ लगभग 30 लाख रुपये से अधिक पहुंच चुका है.
कई लोगों को रोजगार दे रहीं है प्रेमलता
प्रेमलता की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है. उन्होंने अपने उद्योग में 7 स्थानीय लोगों को रोजगार देकर गांव में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया है. वे कहती हैं कि सरकार की योजना ने मुझे हिम्मत दी, लेकिन सफलता मेहनत और विश्वास से मिली. उनके परिवार का भी पूरा सहयोग उनके कारोबार में मिल रहा है. अब उनसे कारोबार शुरू करने की जानकारी पाने के लिए दूसरे इलाकों से लोग आते हैं.
125 लोगों ने शुरू किया कारोबार
उद्यान विभाग के अनुसार नीमच जिले में पीएमएफएमई योजना का लाभ देने के लिए ग्रामीणों को जोड़ा जा रहा है. जिले में अब तक 210 लोगों को को योजना से लाभान्वित किया गया है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 125 नए उद्योग स्थापित हो चुके हैं. इस उपलब्धि के साथ नीमच जिला प्रदेश और संभाग के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है. वहीं, प्रेमलता पाटीदार की यह कहानी बताती है कि आत्म विश्वास के साथ सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिल जाये तो एक गृहिणी भी सफल उद्योगपति बन सकती है.