सही तरीके से खेती की जाए तो यह फायदे का सौदा हो सकता है और सालाना लाखों रुपये की बचत हासिल की जा सकती है. आधुनिक खेती के तरीकों को अपनाकर और सही फसलों का चयन करके उत्तराखंड के पौड़ी निवासी किसान नरेश भट्ट हर साल 8 लाख रुपये की बचत हासिल कर रहे हैं. वह लहसुन, मिर्च, गोभी, कद्दू जैसी तुरंत बिकने वाली सब्जी फसलों की खेती कर रहे हैं. उन्नत खेती तकनीक के तहत उन्होंने पॉलीहाउस के जरिए सीजन के बाद भी सब्जियों की सप्लाई करते हैं, जिससे उन्हें दोगुने दाम मिलते हैं. उन्होंने 7 महिलाओं को रोजगार भी दिया है.
व्यावसायिक खेती ने बदला कमाई का गणित
उत्तराखंड कृषि विभाग के अनुसार पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक के देवार गांव में रहने वाले प्रगतिशील किसान नरेश चंद्र भट्ट साल 2014 से खेती और पशुपालन को आजीविका का आधार बनाकर कर अच्छा मुनाफा हासिल कर रहे हैं. पहले वह पारंपरिक तरीके से खेती करते थे, लेकिन तक सिर्फ घरेलू खपत के लिए ही उपज हो पाती थी. लेकिन, आधुनिक तकनीकों की मदद से वह कम लागत में ज्यादा उत्पादन हासिल कर पा रहे हैं. वर्तमान में वह लगभग एक एकड़ जमीन पर व्यावसायिक सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं.
7 महिलाओं को नियमित रोजगार भी दिया
प्रगतिशील किसान नरेश चंद्र भट्ट ने आधुनिक तकनीक आधारित खेती को अपनाकर न केवल अपनी कमाई में उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है. स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदाकर अन्य किसानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा की मिसाल बने हैं. नरेश की पहल से गांव की 7 महिलाओं को नियमित रोजगार भी मिला है. उन्होंने सरकारी योजना का लाभ लेकर कई पॉलीहाउस यूनिट स्थापित की है और इसके जरिए वह सीजन के बाद भी सब्जियों की खेती कर पा रहे हैं. इससे उन्हें सामान्य सीजन की तुलना में लगभग दोगुना तक दाम हासिल हो जाता है.

पॉलीहाउस में सब्जियां उगाते हैं नरेश भट्ट.
सब्जियों की खेती से सालाना 8 लाख कमाई
नरेश भट्ट ने मीडिया को बताया कि वह पॉलीहाउस में गोभी, लहसुन, खीरा, लौकी, कद्दू, शिमला मिर्च और टमाटर सहित विभिन्न मौसमी और हाई क्वालिटी वाली सब्जियों की खेती की जाती है. इन उत्पादों की बिक्री पौड़ी और आसपास के स्थानीय बाजारों में होती है, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य और नियमित आय प्राप्त हो रही है. वर्तमान में वे खेती से सालाना लगभग आठ लाख रुपये की बचत कर रहे हैं. उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक खेती को अपनाकर गांव में रहकर भी समृद्धि हासिल की जा सकती है.
सरकारी योजनाओं का लाभ लें किसान
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी ने मीडिया को बताया कि नरेश भट्ट जैसे प्रगतिशील किसान आधुनिक तकनीक आधारित सब्जी उत्पादन कर विभागीय योजनाओं का प्रभावी लाभ उठा रहे हैं. किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेती के उन्नत तरीकों को अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसान अब व्यावसायिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जो आर्थिक रूप से उनके लिए बेहतर भी है.