Amul milk price hike: देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब दूध भी महंगा हो गया है. अमूल ने अपने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है. कंपनी ने घोषणा की है कि 14 मई 2026 से दूध की नई कीमतें पूरे देश में लागू होंगी. इस फैसले के बाद आम लोगों के घरेलू बजट पर एक बार फिर असर पड़ने की संभावना है.
कंपनी के अनुसार दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है. यह बढ़ोतरी अलग-अलग दूध वेरिएंट पर लागू होगी. अमूल स्टैंडर्ड मिल्क, गोल्ड, बफेलो मिल्क, ताजा, स्लिम एंड ट्रिम, टी-स्पेशल और काउ मिल्क जैसे कई लोकप्रिय प्रोडक्ट अब पहले से महंगे मिलेंगे.
क्यों बढ़े दूध के दाम?
अमूल का संचालन करने वाली GCMMF ने बताया कि दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है. पशुओं के चारे, बिजली, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी होने से डेयरी कंपनियों का खर्च काफी बढ़ गया है. कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ समय से लागत का दबाव लगातार बढ़ रहा था, इसलिए कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया.
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन, जिसके स्वामित्व में आनंद मिल्क यूनियन लिमिटेड (AMUL) है, ने दूध के विभिन्न उत्पादों की कीमतें बढ़ा दी हैं; इनमें 1 लीटर अमूल ताज़ा की कीमत में 2 रुपये और 500 ml अमूल गोल्ड की कीमत में 1 रुपये की बढ़ोतरी शामिल है।
नई कीमतें 15 मई से लागू… pic.twitter.com/0l7DgoENIg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 13, 2026
कितनी बढ़ी कीमतें?
कंपनी के मुताबिक दूध की कीमतों में करीब 2.5 प्रतिशत से 3.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. हालांकि अलग-अलग शहरों और पैकिंग के हिसाब से कीमतों में थोड़ा फर्क हो सकता है.
दूध की नई कीमतें
- अमूल ताजा के एक लीटर दूध की कीमत 59 रुपये हो गई है. ये आधा लीटर दूध का पैकेट जो 30 रुपये में मिलता था, अब 31 रुपये में मिलेगा.
- अमूल गाय के दूध का आधा लीटर (500 ml) पैकेट जो 31 रुपये में मिलता था, अब 32 रुपये में मिलेगा.
- अमूल भैंस के दूध (Amul Buffalo Milk) का आधा लीटर (500 ml) पैकेट जो 38 रुपये में मिलता था, अब 39 रुपये में मिलेगा.
- अमूल गोल्ड फुल क्रीम (Amul Milk Full Cream) के एक लीटर दूध की कीमत 71 रुपये हो गई है. ये आधा लीटर दूध का पैकेट जो 35 रुपये में मिलता था, अब 36 रुपये में मिलेगा.
घर के बजट पर पड़ेगा असर
दूध हर घर की जरूरत है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, लगभग हर परिवार में रोज दूध का इस्तेमाल होता है. ऐसे में कीमत बढ़ने का सीधा असर लोगों के मासिक खर्च पर पड़ेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि दूध महंगा होने से चाय, कॉफी, मिठाई, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं. छोटे दुकानदारों और होटल कारोबार पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है.
पहले भी बढ़ चुके हैं दाम
यह पहली बार नहीं है जब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हुई हो. पिछले कुछ वर्षों में बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत के कारण डेयरी कंपनियां कई बार कीमतें बढ़ा चुकी हैं. हालांकि कंपनी का कहना है कि मौजूदा बढ़ोतरी खाद्य महंगाई की औसत दर से कम है, लेकिन आम लोगों के लिए यह फैसला राहत देने वाला नहीं माना जा रहा.