यूपी में 3 दिन के भीतर मॉनसून की एंट्री के आसार, राजस्थान के लिए भी बड़ा अपडेट.. जानें IMD की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5-6 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर भारत के कई राज्यों में आगे बढ़ सकता है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मॉनसून पहुंचने के आसार हैं. वहीं, स्काईमेट ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में 4 जुलाई तक मॉनसून दस्तक दे सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 29 Jun, 2026 | 10:10 AM

Monsoon Entry: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले 5 से 6 दिनों के दौरान मॉनसून उत्तर भारत के कई राज्यों में और आगे बढ़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के उत्तर अरब सागर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है. इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के शेष हिस्सों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी आगे बढ़ सकता है.

वहीं, निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, यदि मौसम की वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं तो दिल्ली में 4 जुलाई तक मॉनसून पहुंच सकता है. मॉनसून के आगमन के बाद राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी से राहत  मिलने तथा बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है. आमतौर पर मॉनसून 27-28 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, जिससे तापमान में गिरावट आने लगती है और बारिश का दौर शुरू हो जाता है.  लेकिन इस बार मॉनसून करीब एक सप्ताह की देरी से आने की संभावना है, जिसके कारण राजधानी में गर्मी और उमस दोनों बढ़ गई हैं.

हिमाचल में 4 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

शिमला मौसम केंद्र ने 4 जुलाई तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश पर भी पड़ेगा. मौसम विभाग ने 30 जून से 4 जुलाई के बीच राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी  जारी की है.

तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

वहीं, उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है. प्रयागराज में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लखनऊ में पारा 39.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की भी संभावना है.

जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग ने 29 जून को जम्मू के मैदानी इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मॉनसून बारिश,  गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार, पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. देहरादून में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा.

 

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 29 Jun, 2026 | 10:07 AM

लेटेस्ट न्यूज़