बिहार के किसानों के लिए बड़ी सौगात, कृषि योजनाओं पर 1366 करोड़ रुपये खर्च करेगी केंद्र सरकार

बिहार के किसानों के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं. खेत बचाओ अभियान के दौरान कृषि विकास, भंडारण सुविधाओं के विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया. नई योजनाओं और वित्तीय सहायता से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 18 Jun, 2026 | 06:53 PM

Khet Bachao Abhiyan: पटना के नौबतपुर में बुधवार को खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए. नौबतपुर स्थित बीज गुणन प्रक्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और किसानों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की.

कृषि विभाग के लिए बजट और केंद्र की बड़ी मदद

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग के लिए 2525.43 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है. वहीं केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत बिहार को 1366.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि उत्पादन को मजबूत करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना है.

उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना  और कृषोन्नति योजना के तहत दलहन, तेलहन, मक्का, मिलेट्स और जूट के क्षेत्र विस्तार के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं. इसके अलावा 476 करोड़ रुपये की केंद्रीय योजना के माध्यम से मखाना क्षेत्र के विस्तार पर भी काम होगा. योजना के तहत 304 भंडारण गोदाम, 800 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर, 11 दाल मिल, 102 तेल प्रसंस्करण इकाइयां और 204 कोल्ड प्रेस तेल इकाइयों की स्थापना की जाएगी.

खेत बचाओ अभियान को बताया जन-अभियान

कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेत बचाओ अभियान  केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मिट्टी, किसान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का जन-अभियान है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस अभियान को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया है. एक जून से अब तक बिहार के सभी 38 जिलों में 3,172 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से किसानों को खेती और मिट्टी संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है.

पेट्रोल कीमतों और विकास योजनाओं पर भी बोले मंत्री

बाद में पटना स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवराज सिंह चौहान  ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी (PM MODI) के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. उन्होंने बताया कि एक जुलाई से वीबी जी रामजी योजना लागू की जाएगी, जिसके लिए बिहार को 6,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध करा दी गई है.

पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. वहीं कृषि कानूनों के संबंध में उन्होंने कहा कि राज्य सरकारें अपनी जरूरतों और परिस्थितियों के अनुसार नियम और कानून बनाने के लिए स्वतंत्र हैं. इसी दौरान केंद्रीय मंत्री ने पटना के पीएमसीएच का भी दौरा किया. उन्होंने निर्माणाधीन नए भवन की रूपरेखा देखी और अस्पताल में संचालित विभिन्न विभागों की ओपीडी का निरीक्षण किया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएमसीएच बदलते बिहार और विकसित भारत का एक उत्कृष्ट उदाहरण है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़