गर्मियों के साथ ही दूध की महंगाई का झटका उपभोक्ताओं को लगा है. मदर डेयरी, अमूल ने तो अपने दाम बढ़ाए ही हैं अब सहकारी दूध समिति वर्का ने भी अपने दूध का दाम बढ़ा दिया है. जाने-माने डेयरी ब्रांड अमूल और मदर डेयरी ने आज से पूरे भारत में दूध की कीमतों को बढ़ा दिया है.
Verka ने दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया
डेयरी ब्रांड Amul के बाद Milkfed के तहत आने वाले सरकारी कोऑपरेटिव ब्रांड Verka ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है. यह बढ़ोतरी कई तरह के दूध पर लागू की गई है और आज 14 मई से प्रभावी कर दी गई है. कोऑपरेटिव दूध उत्पादक संघ द्वारा जारी एक पत्र में, Verka के सभी डिस्ट्रीब्यूटरों को नई कीमतों के बारे में जानकारी दी गई.
एक लीटर वाला स्टैंडर्ड दूध जो पहले 63 रुपये में बिकता था, अब 65 रुपये में मिलेगा. वहीं, फुल-फैट दूध की कीमत 69 रुपये के बजाय 71 रुपये होगी. जबकि, आधे लीटर वाले पैक की कीमत में 1 रुपये की बढ़ोतरी होगी. पाउच पर छपी कीमत तब तक नहीं बदलेगी, जब तक कि पुराना स्टॉक खत्म नहीं हो जाता.
13 मई को जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि लोकप्रिय वैरियंट्स के हर पाउच की कीमत में 1 रुपये से लेकर 2 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी, जिसका असर चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, लुधियाना, रोपड़, बद्दी और शिमला के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा.
अमूल दूध के किस पैकेट पर बढ़ें कितने रुपये
अमूल के उत्पादों की मार्केटिंग बिक्री करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने कहा कि दाम में बढ़ोतरी देश भर में बिकने वाले दूध के पैकों पर लागू होगी. कीमतों में इस ताजा बदलाव में अमूल के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले कुछ दूध उत्पाद शामिल हैं, जैसे ताजा, गोल्ड, काऊ मिल्क, बफेलो मिल्क, शक्ति और टी स्पेशल.
नई कीमतों के तहत अमूल काऊ मिल्क (500 ml), जिसकी मौजूदा कीमत 29 रुपये है, अब 30 रुपये में मिलेगा. अमूल शक्ति दूध (500 ml) भी थोड़ा महंगा हो जाएगा, जिसकी कीमत 31 रुपये से बढ़कर 32 रुपये हो जाएगी. 1 लीटर वाले टी स्पेशल दूध के पैक की कीमत में ज्यादा उछाल देखने को मिलेगा, जो मौजूदा 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये हो जाएगी.
वहीं, अमूल गोल्ड (500 ml) की कीमत अब 34 रुपये के बजाय 35 रुपये होगी और अमूल ताजा (500 ml) की कीमत 28 रुपये से बढ़ाकर 29 रुपये कर दी गई है. अमूल बफेलो मिल्क (500 ml) भी महंगा हो जाएगा, जिसकी कीमतें 37 रुपये से बढ़कर 39 रुपये हो जाएंगी. कंपनी ने बताया कि कीमतों में आखिरी बदलाव अप्रैल 2025 के आखिर में किया गया था.
मदर डेयरी के किस मिल्क पैकेट पर कितनी बढ़ी कीमत
मदर डेयरी के अनुसार कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी की ज़रूरत इसलिए पड़ी क्योंकि किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है; उपभोक्ताओं पर बोझ कम करने की कोशिशों के बावजूद, पिछले एक साल में ये कीमतें लगभग 6 प्रतिशत बढ़ गई हैं.
दिल्ली-NCR के बाजार में मदर डेयरी के टोन्ड दूध (थोक में मिलने वाला) की कीमतें 56 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 58 रुपये प्रति लीटर कर दी गई हैं. फुल क्रीम दूध (पैक वाला) की कीमत अब 72 रुपये प्रति लीटर होगी. टोन्ड दूध (पैकेट वाला) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डबल टोन्ड दूध अब 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. गाय के दूध की कीमतें भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई हैं.
क्यों महंगा हुआ दूध
GCMMF ने बताया कि यह फैसला पिछले एक साल में पशुओं के चारे, दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण लिया गया है. फेडरेशन ने यह भी कहा कि किसानों को दूध खरीदने के लिए दी जाने वाली कीमतें मई 2025 से 3.7% बढ़ गई हैं. अमूल ने आगे कहा कि ग्राहक द्वारा दिए गए हर एक रुपये में से लगभग 80 पैसे सीधे दूध उत्पादकों के पास जाते हैं. कंपनी के अनुसार इस बदलाव से किसानों को उचित मूल्य मिलना सुनिश्चित होगा और आने वाले महीनों में दूध का उत्पादन बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलेगा.
मदर डेयरी ने भी कहा कि यह बदलाव बढ़ी हुई लागत का केवल एक आंशिक हिस्सा है और इसका उद्देश्य किसानों के कल्याण तथा ग्राहकों के हितों के बीच एक उचित संतुलन बनाए रखना है. कंपनी ने बताया कि दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का लगभग 75-80 फीसदी हिस्सा किसानों को दिया जाता है.
केरल में मिल्मा ने दूध के दाम बढ़ाएगी
केरल सरकार की ओर से संचालित डेयरी सहकारी संस्था मिल्मा ने दूध की कीमत में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. केरल कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (KCMMF) के चेयरमैन केएस मणि ने कहा कि मिल्मा ब्रांड के तहत बिकने वाले दूध की कीमत में बढ़ोतरी की जरूरत है. उन्होंने मीडिया से कहा कि हमें डेयरी किसानों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के हितों का भी ध्यान रखना होगा. इसलिए बढ़ोतरी की मात्रा के बारे में उचित फैसला लिया जाएगा, क्योंकि मिल्मा के लिए दूध की कीमत में बढ़ोतरी जरूरी है और इसे लागू किया जाएगा. कहा जा रहा है कि प्रति लीटर 6 रुपये की बढ़ोत्तरी की सिफारिश की गई है.
ओडिशा टोंड मिल्क 4 रुपये महंगा हुआ
ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (OMFED) ने प्रोसेसिंग और ट्रांसपोर्टेशन की लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने टोन्ड दूध की कीमत 50 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जबकि प्रीमियम दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गई है. राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि गोल्ड प्रीमियम दूध की कीमत 56 रुपये से संशोधित करके 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि गोल्ड प्रीमियम प्लस वैरायटी की कीमत अब 60 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी.