पीएम किसान निधि, फसल बीमा के लिए बजट में नहीं हुआ ऐलान, किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी.. नाराजगी 

Farmers said Budget Negative for agriculture: बजट में किसानों की कमाई बढ़ाने का जिक्र जरूर हुआ, लेकिन डायरेक्ट कैश बेनेफिट के लिए ऐलान नहीं किया गया है. सबसे बड़ी निराशा पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों को हुई है. किसान संगठनों ने बजट में किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है. वहीं, विपक्षी दलों ने भी बजट में किसानों के लिए कुछ नहीं होने की बात कहते हुए आलोचना की है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 1 Feb, 2026 | 01:54 PM

पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने को लेकर लंबे समय से किसान मांग कर रहे हैं. लेकिन, केंद्रीय बजट में इस योजना पर कोई ऐलान नहीं किया गया है. इसी तरह फसल बीमा योजना के विस्तार, राशि वितरण में आसानी किए जाने की उम्मीद किसानों को थी. लेकिन किसानों को इसमें भी निराशा हाथ लगी है. वहीं, नेचुरल फार्मिंग, जैविक खेती, खाद सब्सिडी, खराब हो रही मिट्टी के सुधार पर भी बजट में कोई रोडमैप नहीं दिया गया है.

किसानों की कमाई बढ़ाने का जिक्र जरूर हुआ, लेकिन डायरेक्ट कैश बेनेफिट के लिए कोई ऐलान नहीं किया गया है. सबसे बड़ी निराशा पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों को हुआ है. किसान संगठनों की ओर से किसानों के लिए किसी बड़ी योजना का ऐलान नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई गई है. वहीं, विपक्षी दलों के नेताओं ने भी बजट में किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है.

गरीब किसान और गांव वालों की समझ से बाहर है बजट- अखिलेश यादव

केंद्रीय बजट 2026 पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये गरीब किसान और गांव में रहने वाले लोगों के समझ से बाहर बजट है. ये बजट गरीब का पेट नहीं भर सकता है. नौकरी रोजगार दिए नहीं… सपने दिखाने वाले बजट है. वहीं, कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर केंद्रीय बजट को फर्जी बजट बता दिया है.

कृषि विकास, विस्तार पर रोडमैप नहीं दिए जाने पर भड़के किसान नेता

देश के बड़े संगठन किसान महापंचायत के मध्य प्रदेश अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने केंद्रीय बजट में किसानों की अनदेखी करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि कृषि के विकास, विस्तार के लिए कोई रोडमैप नहीं दिया गया है. पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने पर भी कोई बात नहीं कही गई और पीएम फसल बीमा को लेकर भी कुछ ऐलान नहीं किया गया है.

किसानों का सोचने वाली कोई सरकार नहीं- किसान नेता राजेश धाकड़

किसान नेता राजेश धाकड़ ने कहा कि नारियल किसानों, काजू के लिए जो भी ऐलान किया गया है, उसमें उत्तर भारत के किसानों का कोई फायदा नहीं होने वाला है. उन्होंने कहा कि दक्षिण के राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव होने हैं, इसीलिए वहां के नारियल किसानों को फुसलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कोई सरकार नहीं है.

कृषि उत्पादों के परिवहन का वादा किया गया था, वो भी पूरा नहीं किया

राजेश धाकड़ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि खेतों तक पहुंचने के लिए सड़क बनाने की बात पहले कही गई थी. इसको लेकर किसानों को उम्मीद थी, लेकिन बजट में कोई चर्चा तक नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि सड़कों की पहुंच होने से कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी हो जाती, लेकिन किसानों को फिर से अनदेखा किया गया है. उन्होंने कहा कि किसानों से वादे किए जाते हैं, लेकिन जब पूरा करने की बारी आती है तो उन्हें झुनझुना पकड़ा दिया जाता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Feb, 2026 | 01:26 PM

सर्दियों में गुड़ का सेवन क्यों अधिक किया जाता है?