Gold-Silver Price Crash: रविवार, 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2026 वाले दिन घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. बजट पेश होने के बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के दाम अचानक फिसल गए, जिससे निवेशकों और गहनों की खरीदारी करने वालों में हलचल मच गई. खास बात यह रही कि बजट के दिन ही कुछ घंटों के भीतर सोने की कीमतों में करीब 9,000 से 10,000 रुपये तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.
MCX पर सोना हुआ सस्ता
MCX पर 5 फरवरी 2026 एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर रविवार को 1,45,164 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,49,653 रुपये पर बंद हुआ था. सुबह करीब 10:10 बजे सोना और भी टूटकर 1,40,000 रुपये के स्तर तक आ गया. यानी एक ही दिन में सोने की कीमत में करीब 9,600 रुपये की गिरावट देखने को मिली. हालांकि, शुरुआती कारोबार में सोना 1,46,800 रुपये तक भी पहुंचा था, लेकिन वहां टिक नहीं पाया.
चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है. MCX पर 5 मार्च 2026 एक्सपायरी वाली चांदी 2,65,700 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी. यह पिछले बंद भाव से करीब 26,200 रुपये सस्ती है. शुरुआती कारोबार में चांदी 2,84,826 रुपये प्रति किलो के हाई लेवल तक पहुंची थी, लेकिन बाद में जोरदार बिकवाली के दबाव में आ गई.
- Hottest Chillies: भारत की 7 सबसे तीखी मिर्चें, स्वाद बढ़ाने से लेकर सेल्फ डिफेंस तक, जानें कौन सी है सबसे खतरनाक!
- PM Kisan Yojana: किसान ध्यान दें! यूनिक किसान ID न होने पर अटक सकती है 22वीं किस्त, अभी ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
- अब खेत बनेगा ATM… 40 हजार रुपये की सरकारी मदद से शुरू करें इस फूल की खेती, हर साल बंपर होगा मुनाफा!
आपके शहर में सोने के ताजा भाव
सोने की कीमतें शहरों के हिसाब से थोड़ी अलग-अलग होती हैं. गुड रिटर्न के मुताबिक, आज देश के प्रमुख शहरों में सोने के दाम इस प्रकार हैं:
- दिल्ली और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,60,730 रुपये, 22 कैरेट 1,47,350 रुपये और 18 कैरेट 1,20,590 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है.
- मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 1,60,580 रुपये, 22 कैरेट 1,47,200 रुपये और 18 कैरेट 1,20,440 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है.
- चेन्नई में सोने के दाम थोड़े ज्यादा हैं, जहां 24 कैरेट सोना 1,62,550 रुपये और 22 कैरेट 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है.
- पटना और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,60,630 रुपये और 22 कैरेट की कीमत 1,47,250 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
खरीदारी से पहले ये बात जरूर जान लें
रविवार को आई इस बड़ी गिरावट के बाद सोना और चांदी खरीदने का प्लान बना रहे लोगों के लिए यह अच्छा मौका हो सकता है. हालांकि, कीमतें लगातार बदलती रहती हैं, इसलिए खरीदारी से पहले अपने शहर के ताजा रेट जरूर चेक करें. साथ ही मेकिंग चार्ज और जीएसटी को भी ध्यान में रखें, ताकि बाद में किसी तरह का नुकसान न हो.
कुल मिलाकर, सोने-चांदी की कीमतों में आई यह गिरावट निवेशकों और आम ग्राहकों दोनों के लिए राहत लेकर आई है. अगर आप लंबे समय के लिए निवेश या गहनों की खरीदारी की सोच रहे हैं, तो यह समय फायदेमंद साबित हो सकता है.