Budget 2026: किसान भी होंगे हाई-टेक! लॉन्च हुआ नया मल्टी-लैंग्वेज AI टूल, अब फसल की हर जानकारी मिलेगी मिनटों में

Agriculture Budget 2026: बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किसानों और ग्रामीणों के लिए कई नई पहल की घोषणा की. भारत विस्तार (Bharat VISTAAR) नाम का मल्टी-लैंग्वेज AI टूल किसानों को फसल योजना, मौसम और बाजार संबंधी जानकारी देगा. सरकार नारियल, चंदन और काजू जैसी उच्च-मूल्य वाली फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देगी.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 1 Feb, 2026 | 01:54 PM

Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बजट 2026 पेश करते हुए कृषि, सहायक सेक्टर्स और ग्रामीण रोजगार के लिए कई नई पहल की घोषणा की. इस बजट का सबसे बड़ा हाइलाइट रहा मल्टी-लैंग्वेज AI टूल भारत विस्तार, जो किसानों को फसल योजना, मौसम की जानकारी, कीट प्रबंधन और बाजार संबंधी जानकारी उनकी स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराएगा. इस कदम से तकनीक तक किसानों की पहुंच बढ़ेगी और समय पर सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी.

मल्टी-लैंग्वेज AI टूल – Bharat VISTAAR

वित्त मंत्री ने कहा कि यह टूल, Bharat VISTAAR (Virtually Integrated System to access Agricultural Resources), किसानों की उत्पादकता बढ़ाएगा, बेहतर फैसले लेने में मदद करेगा और जोखिम को कम करेगा. इसमें AI तकनीक का इस्तेमाल कर किसान अपनी जरूरत के अनुसार सलाह पा सकेंगे.

उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म भारत के Agri Stack पोर्टल्स और ICAR पैकेज को AI सिस्टम के साथ जोड़ेगा. इसका उद्देश्य किसानों के लिए खेती को स्मार्ट और लाभदायक बनाना है.

AI से मिलेगा स्मार्ट और आसान गाइड

वित्त मंत्री के अनुसार, यह नया प्लेटफॉर्म आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से फसल, मिट्टी, मौसम और खेती से जुड़े सभी डेटा को आसानी से समझने योग्य तरीके में किसानों तक पहुंचाएगा. इसका मतलब है कि अब वैज्ञानिक जानकारी सिर्फ किताबों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि किसान इसे सीधे अपने खेत में लागू कर पाएंगे.

खेती के फैसलों में मिलेगा सटीक समर्थन

एग्री स्टैक के डिजिटल किसान रिकॉर्ड और ICAR की रिसर्च आधारित सुझावों को जोड़कर यह AI टूल किसानों को सही समय पर सही फैसले लेने में मदद करेगा. इससे अलग-अलग कृषि और जलवायु क्षेत्रों में नई और बेहतर खेती पद्धतियों को अपनाना आसान और तेज हो जाएगा.

Bharat VISTAAR AI tool

कृषि बजट 2026 (Photo Credit: PIB)

महिलाओं के लिए SHE मार्ट्स का ऐलान

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं के लिए SHE मार्ट्स का भी ऐलान किया है. लखपति दीदी की तर्ज पर सरकार ने महिलाओं को क्रेडिट लिंक्ट मार्ट्स का जिम्मा सौंपने का प्रस्ताव दिया है. इसकी मदद से ग्रामीण महिलाएं आजीविका कमा सेकेंगी. SHE का मतलब सेल्फ हेल्प ग्रुप (Self Help Entrepreneur) है.

उच्च-मूल्य वाली फसलों को मिलेगा बढ़ावा

वित्त मंत्री ने उच्च-मूल्य वाली फसलों जैसे नारियल, चंदन और अखरोट के उत्पादन और विकास के लिए केंद्र सरकार के समर्थन की भी घोषणा की.

  • चंदन के लिए खास योजना: सरकार चंदन के पारिस्थितिकी तंत्र को फिर से मजबूत करने पर ध्यान देगी. इसमें संरक्षण, सतत खेती और वैल्यू-चेन डेवलपमेंट शामिल हैं. चंदन से किसानों और वन पर निर्भर समुदायों के लिए आय के नए अवसर बनेंगे.
  • नारियल उत्पादन को बढ़ावा: केंद्र सरकार नारियल उत्पादन को बढ़ाने और उत्पादकता सुधारने के लिए योजनाएं लागू करेगी. इसमें गैर-उत्पादक पेड़ों को नई किस्मों के पौधों से बदलना शामिल है.
  • काजू और कोको पर योजना: भारत में कच्चे काजू और नारियल के उत्पादन और प्रोसेसिंग में आत्मनिर्भरता लाने के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य भारतीय काजू और कोको को 2030 तक प्रीमियम ग्लोबल ब्रांड बनाना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Feb, 2026 | 01:48 PM

सर्दियों में गुड़ का सेवन क्यों अधिक किया जाता है?