अमेरिका में भारतीय आमों की धूम! दशहरी से लेकर अल्फांसो और केसर का चला जादू, कुछ ही घंटों में स्टॉक खत्म

Mango Export USA: अमेरिका के सिएटल में आयोजित 'मैंगो मैजिक' कार्यक्रम में भारत के अल्फांसो, केसर, दशहरी, लंगड़ा समेत कई प्रसिद्ध आमों की किस्मों को प्रदर्शित किया गया. अमेरिकी बाजार में भारतीय आमों की मांग तेजी से बढ़ रही है और कॉस्टको जैसे बड़े स्टोर्स में पहुंचते ही आमों की खेप बिक गई.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 6 Jun, 2026 | 01:23 PM

Mango Magic Event: भारत के आम अब विदेशों में भी अपनी मिठास का जादू बिखेर रहे हैं. अमेरिका के सिएटल शहर में आयोजित एक खास कार्यक्रम में भारत की कई मशहूर आम की किस्मों को प्रदर्शित किया गया. इस कार्यक्रम का मकसद अमेरिकी बाजार में भारतीय आमों की पहचान बढ़ाना और निर्यात के नए अवसर तलाशना था. ‘मैंगो मैजिक’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध आम लोगों के सामने पेश किए गए. कार्यक्रम में आयातकों, बड़े रिटेल कारोबारियों और कई प्रमुख मेहमानों ने भारतीय आमों का स्वाद चखा और उनकी क्वालिटी, खुशबू और मिठास की जमकर तारीफ की.

सिएटल में दिखी भारतीय आमों की मिठास

इस कार्यक्रम में भारत की सात प्रमुख आम किस्मों को शामिल किया गया. इनमें महाराष्ट्र का अल्फांसो और केसर, आंध्र प्रदेश का बंगनपल्ली और हिमायत, उत्तर प्रदेश का लंगड़ा और दशहरी तथा गुजरात का राजापुरी आम शामिल थे. कार्यक्रम में 100 से ज्यादा आयातकों और अमेरिका की प्रमुख रिटेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. खास बात यह रही कि अमेरिका की बड़ी रिटेल चेन कॉस्टको (Costco) के प्रतिनिधि भी इस आयोजन में मौजूद रहे.

बड़े नेताओं और अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा

इस कार्यक्रम में अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के उप-राज्यपाल डेनी हेक सहित कई बड़े नेता और अधिकारी शामिल हुए. जापान और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया. आयोजकों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से भारतीय फलों की पहचान दुनिया भर में बढ़ती है और विदेशी बाजारों में नए कारोबार के मौके भी खुलते हैं.

कैसे शुरू हुई यह पहल?

सिएटल में भारतीय आमों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश पिछले साल से शुरू हुई थी. इसके लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास और कई व्यापारिक संगठनों ने मिलकर काम किया. उनका मकसद अमेरिकी बाजार में भारतीय फलों की मौजूदगी बढ़ाना था. इसके लिए अमेरिका की बड़ी रिटेल कंपनियों के साथ लगातार बातचीत भी की गई. इसके बाद 2026 में हुई चर्चाओं के बाद भारतीय आमों और अन्य फलों को बड़े स्टोरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को और तेज किया गया, जिससे ज्यादा लोगों तक भारतीय फलों की पहुंच बन सके.

कॉस्टको में पहुंचा भारतीय आम

मई 2026 में पहली बार केसर आम की खेप अमेरिका के कई बड़े शहरों के कॉस्टको स्टोर्स तक पहुंची. इनमें सिएटल, लास वेगास, न्यू जर्सी और लॉस एंजिलिस जैसे शहर शामिल थे. द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोर्स में आने के कुछ ही घंटों के भीतर केसर आम पूरी तरह बिक गए. इससे साफ दिखा कि अमेरिका में भारतीय आमों की मांग तेजी से बढ़ रही है. इससे पहले महाराष्ट्र के भगवा अनार को भी कॉस्टको स्टोर्स में जगह मिली थी और उसे ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी.

दुनिया का सबसे बड़ा आम उत्पादक है भारत

भारत दुनिया में सबसे ज्यादा आम उत्पादन करने वाला देश है. देश में हर साल 2.6 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक आम का उत्पादन होता है. यहां 1,000 से ज्यादा नामित किस्मों की खेती की जाती है. भारतीय आम अपनी मिठास, खुशबू और स्वाद के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी मांग लगातार बढ़ रही है.

अमेरिका में बढ़ रहा भारतीय आमों का कारोबार

भारत से अमेरिका को आमों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है. आंकड़ों के अनुसार, साल 2023-24 में अमेरिका को भारतीय आमों का निर्यात लगभग 10 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह करीब 4.36 मिलियन डॉलर था. वहीं अमेरिका का कुल आम आयात बाजार 2025 में 1 अरब डॉलर से अधिक का हो चुका है. ऐसे में भारतीय निर्यातकों के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़