FSSAI Action: भारत में खाने-पीने की चीजों की क्वालिटी और उनसे जुड़े दावों पर नजर रखने वाली संस्था भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी, पैकेट पर गलत जानकारी देने और विज्ञापनों में भ्रामक दावे करने वाली कई बड़ी कंपनियां अब नियामक के निशाने पर हैं. FSSAI ने हाल के महीनों में ऐसी कंपनियों को 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए हैं.
नियामक ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस कार्रवाई की जानकारी दी. FSSAI का कहना है कि खाने-पीने की चीजों को लेकर ग्राहकों को गलत या अधूरी जानकारी देना गंभीर मामला है. ऐसे मामलों में किसी भी कंपनी को नियमों से समझौता करने की छूट नहीं दी जाएगी.
नेस्ले और कोका-कोला जैसी कंपनियां जांच के दायरे में
FSSAI की कार्रवाई का दायरा काफी बड़ा है. इसमें कई बड़ी भारतीय और विदेशी कंपनियां शामिल हैं. नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, कोका-कोला इंडिया, मॉन्डेलेज इंडिया, एबॉट इंडिया, डैनोन इंडिया, फेरेरो इंडिया और केनव्यू जैसी कंपनियों को लेकर भी कार्रवाई की गई है. एनर्जी ड्रिंक बनाने वाली कंपनियां भी इसके दायरे में हैं. रेड बुल इंडिया, मॉन्स्टर एनर्जी इंडिया और हेल एनर्जी को नोटिस जारी किए गए हैं. शराब बनाने वाली कंपनियां डियाजियो और पर्नोड रिकार्ड भी FSSAI की जांच के दायरे में आई हैं. कुछ मामलों में FSSAI ने नियमों का उल्लंघन करने वाले उत्पादों को जब्त भी किया है. यानी कार्रवाई सिर्फ नोटिस देने तक सीमित नहीं रही है.
अमेजन और फ्लिपकार्ट को भी मिले नोटिस
FSSAI की कार्रवाई सिर्फ खाद्य कंपनियों तक सीमित नहीं है. ऑनलाइन सामान बेचने वाले बड़े प्लेटफॉर्म अमेजन और फ्लिपकार्ट को भी कुल 12 नोटिस जारी किए गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामले में अमेजन के एक गोदाम का लाइसेंस भी रद्द किया गया है. इससे साफ है कि अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले खाने-पीने के सामान को लेकर भी FSSAI सख्ती बरत रहा है.
केएफसी, मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज पर भी कार्रवाई
रेस्टोरेंट और खाने-पीने की चीजें बेचने वाली कंपनियां भी FSSAI की कार्रवाई के दायरे में आई हैं. केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी जैसे बड़े नामों को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं. इन कंपनियों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने को लेकर कार्रवाई की गई है. वहीं, डोमिनोज के पांच लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं. इससे पहले FSSAI देश के कई बड़े पांच सितारा होटलों को भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी कर चुका है.
कंपनियों ने शुरू किए सुधार
FSSAI की सख्ती का असर अब कंपनियों पर दिखाई देने लगा है. नियामक के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने अपनी गलतियों को सुधारना शुरू कर दिया है. इनमें विज्ञापनों में किए जाने वाले दावों से लेकर पैकेजिंग और लेबल पर दी जाने वाली जानकारी तक में बदलाव किए जा रहे हैं.
दरअसल, ग्राहक किसी भी पैक्ड फूड को खरीदते समय उसके पैकेट पर लिखी जानकारी पर भरोसा करता है. ऐसे में अगर किसी उत्पाद के फायदे, उसकी सामग्री या दूसरी जरूरी जानकारी को बढ़ा-चढ़ाकर या गलत तरीके से पेश किया जाता है, तो इससे ग्राहक भ्रमित हो सकता है.