मैगी से खजूर तक मचा बवाल! FSSAI ने Nestle, Flipkart और KFC को भेजा नोटिस, जानें पूरा मामला

खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद FSSAI ने बड़ा कदम उठाया है. कई चर्चित कंपनियों से जवाब और जांच रिपोर्ट मांगी गई है. प्राधिकरण का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 12 Jun, 2026 | 04:21 PM

FSSAI Action: खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्त रुख अपनाया है. प्राधिकरण ने कई बड़ी कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. इनमें मैगी बनाने वाली Nestle, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart और फास्ट फूड चेन KFC शामिल हैं. FSSAI ने कंपनियों से शिकायतों की जांच, गुणवत्ता नियंत्रण और सुधारात्मक कदमों की पूरी जानकारी देने को कहा है.

सोशल मीडिया शिकायतों के बाद शुरू हुई कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई उपभोक्ताओं ने खाने के उत्पादों की गुणवत्ता  को लेकर शिकायतें साझा की थीं. कुछ मामलों में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में कीड़े और लार्वा मिलने के आरोप लगाए गए, जबकि कुछ शिकायतें स्वच्छता से जुड़ी थीं. इन शिकायतों के वायरल होने के बाद FSSAI ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा. प्राधिकरण का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

मैगी मामले में Nestle से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

मैगी के एक पैकेट में कीड़े और लार्वा मिलने की शिकायत के बाद Nestle को नोटिस भेजा गया है. FSSAI ने कंपनी से संबंधित बैच की पूरी जानकारी, उत्पाद के स्रोत  और सप्लायर का विवरण मांगा है. इसके साथ ही कंपनी से यह भी पूछा गया है कि आंतरिक गुणवत्ता जांच में क्या पाया गया और बाजार में मौजूद ऐसे उत्पादों को हटाने के लिए क्या कदम उठाए गए. भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए अपनाए गए उपायों की जानकारी भी मांगी गई है.

खजूर उत्पाद को लेकर Flipkart और Open Secret पर सवाल

एक अन्य मामले में Flipkart Minutes के जरिए डिलीवर किए गए Open Secret के खजूर उत्पाद में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी. इस मामले में FSSAI ने Flipkart और Open Secret दोनों को नोटिस जारी किया है. प्राधिकरण ने गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, शिकायत मिलने के बाद की गई कार्रवाई और उपभोक्ता सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का विवरण मांगा है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है.

KFC से भी मांगी गई जानकारी

FSSAI ने स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों को लेकर KFC को भी नोटिस भेजा है. प्राधिकरण ने कंपनी से पूछा है कि संबंधित शिकायतों की जांच कैसे की गई और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं. खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में उपभोक्ता पहले से अधिक जागरूक हुए हैं और उनकी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो रही है. FSSAI का यह कदम खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 Jun, 2026 | 03:17 PM

लेटेस्ट न्यूज़