Yoga Day 2026: कोलकाता में योग का महाकुंभ, PM मोदी के साथ 10 लाख लोगों ने किया सामूहिक योग

World Yoga Day: आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है. भारत में इसका सबसे बड़ा कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 35 हजार लोगों के साथ योग किया, जबकि पूरे शहर में लगभग 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 21 Jun, 2026 | 07:25 AM

International Yoga Day 2026: हर साल 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब केवल भारत का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का एक बड़ा स्वास्थ्य अभियान बन चुका है. इस साल भी करोड़ों लोग योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं. भारत में इस बार योग दिवस का सबसे बड़ा आयोजन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हो रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हजारों लोग एक साथ योग कर रहे हैं.

मुख्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री के साथ योग किया, जबकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोगों की भागीदारी देखने को मिल सकती है. यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है.

योग दुनिया को जोड़ने की सबसे बड़ी ताकत: पीएम मोदी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरा देश और दुनिया योग के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ा हुआ महसूस कर रही है. उन्होंने कहा कि योग लोगों को जोड़ने और एकता का संदेश देने का काम करता है.

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह दिन पूरे मानव समुदाय के लिए खास महत्व रखता है. उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों की भी सराहना की और कहा कि वहां चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है.

इस साल की थीम: स्वस्थ उम्र के लिए योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ यानी ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ रखी गई है. इस थीम का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि, योग केवल फिटनेस का साधन नहीं, बल्कि उम्र बढ़ने के साथ स्वस्थ और सक्रिय बने रहने का भी एक प्रभावी तरीका है. आज दुनिया के कई देशों में बुजुर्गों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. साथ ही, बदलती लाइफस्टाइल की वजह से कई तरह की बीमारियां भी बढ़ रही हैं. ऐसे में योग लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

सभी आयु वर्ग के लिए फायदेमंद है योग

अक्सर लोग मानते हैं कि, योग केवल युवाओं या फिटनेस प्रेमियों के लिए होता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि, योग हर उम्र के व्यक्ति के लिए उपयोगी है. बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिक सभी अपनी क्षमता के अनुसार योग का अभ्यास कर सकते हैं. नियमित योग करने से शरीर का संतुलन बेहतर होता है, मांसपेशियां मजबूत बनती हैं और शरीर में लचीलापन बना रहता है. यही कारण है कि योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है.

बढ़ती उम्र में क्यों जरूरी है योग?

उम्र बढ़ने के साथ कई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आने लगती हैं. जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, थकान, ब्लड प्रेशर, नींद की परेशानी और तनाव जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. योग इन चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है. नियमित योगाभ्यास शरीर को सक्रिय बनाए रखता है और दैनिक कार्यों को आसानी से करने की क्षमता बढ़ाता है. साथ ही यह शरीर की ऊर्जा और कार्यक्षमता को भी बेहतर बनाता है. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव एक बड़ी समस्या बन चुका है. ऐसे में योग लोगों को मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़