Women Farmers Consortium Kerala: केरल सरकार ने कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. अब हर पंचायत में महिला किसानों की पहचान कर उन्हें खेती से लेकर उत्पादन, प्रोसेसिंग और बाजार तक की पूरी प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा. इस पहल से न सिर्फ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है, बल्कि महिलाओं के लिए रोजगार और आय के नए रास्ते भी खुलेंगे.
पूरी कृषि श्रृंखला में महिलाओं की भागीदारी
सरकार का उद्देश्य है कि महिलाओं को सिर्फ खेती तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें खेती से जुड़ी पूरी प्रक्रिया से जोड़ा जाए. इसमें उत्पादन के साथ-साथ फसल की प्रोसेसिंग और उसे बाजार तक पहुंचाने का काम भी शामिल है. राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 16वीं विधानसभा के नीति भाषण में इस योजना की जानकारी दी.
महिला किसान कंसोर्टियम का गठन
इस पहल के तहत जल्द ही एक महिला किसान कंसोर्टियम (Women Farmers Consortium) बनाया जाएगा. यह एक ऐसा संगठन होगा जो अलग-अलग महिला किसानों, छोटे समूहों और बड़े समूहों को एक साथ जोड़कर एक साझा मंच पर लाएगा. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेती से जुड़े कामों में ज्यादा संगठित और मजबूत बनाना है. इसके जरिए महिलाएं सिर्फ व्यक्तिगत स्तर पर ही नहीं, बल्कि समूह के रूप में भी अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगी. इससे उन्हें नई तकनीक, जानकारी, बाजार से जुड़ाव और बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे कृषि क्षेत्र में उनकी भूमिका और भी मजबूत हो जाएगी.
- उत्तर प्रदेश में फसल बचाने के लिए छुट्टा पशुओं पर सख्ती की तैयारी, कृषि मंत्री शाही ने दिए बड़े संकेत
- बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, कृषि और पशु उत्पादों के निर्यात से हटेगा प्रतिबंध.. किसानों को होगा फायदा
- फसल नुकसान पर अब सरकार दे रही सीधे पैसा, इस तारीख से पहले कर लें आवेदन तो हाथ से निकल जाएगा मौका!
कृषि क्षेत्रों में विशेष सहायता
सरकार महिला किसानों को अलग-अलग कृषि क्षेत्रों में विशेष सहायता देगी, जिनमें शामिल हैं:
- धान की खेती
- फल और सब्जी उत्पादन
- दलहन और कंद फसलें
- मशरूम की खेती
- मधुमक्खी पालन
इन योजनाओं से महिलाओं को नई आय के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
कृषि क्षेत्र की चुनौतियां
राज्यपाल ने बताया कि, कृषि आज भी सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन किसान कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जैसे:
- बढ़ती लागत और कीमतों में उतार-चढ़ाव
- जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाएं
- जंगली जानवरों का नुकसान
- छोटी जोत और बिखरी हुई जमीन
- सिंचाई की कमी और कम मशीनीकरण
इन समस्याओं के कारण किसानों की आय प्रभावित हो रही है.
बेहतर कीमत और मजबूत व्यवस्था पर जोर
सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए उचित मूल्य और बेहतर खरीद व्यवस्था पर काम कर रही है. धान, नारियल, रबर जैसी फसलों के लिए न्यूनतम और उचित कीमत सुनिश्चित करने की योजना पर भी जोर दिया जा रहा है. इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है.
सरकार का ध्यान उन किसानों पर भी रहेगा जो पहाड़ी इलाकों और वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में खेती करते हैं. इन क्षेत्रों में कृषि करना कठिन होता है, इसलिए यहां विशेष सहायता योजनाएं लागू की जाएंगी.
आधुनिक तकनीक से कृषि में सुधार
केरल सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, मशीनीकरण और सेकेंडरी एग्रीकल्चर (कृषि से जुड़े सह-उद्योग) को बढ़ावा देगी. इसका उद्देश्य खेती को ज्यादा आसान, तेज और लाभकारी बनाना है. आधुनिक तकनीक और मशीनों के इस्तेमाल से खेती का काम कम मेहनत वाला होगा और समय भी बचेगा. इससे उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ लागत भी कम होगी. इसके अलावा, सेकेंडरी एग्रीकल्चर के जरिए किसानों को खेती के साथ अतिरिक्त आय के नए साधन मिलेंगे, जिससे उनकी कुल आमदनी में सुधार होने की उम्मीद है.