1 जुलाई से आम आदमी के लिए बड़े बदलाव, महंगा हुआ पासपोर्ट.. 6 महीने तक मुफ्त में कराएं आधार अपडेट

1 जुलाई 2026 से कई अहम वित्तीय और प्रशासनिक बदलाव लागू हो गए हैं. आधार में ईमेल अपडेट मुफ्त हो गया है, पासपोर्ट फीस बढ़ गई है और SBI-HDFC ने क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किया है. साथ ही ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है. इन बदलावों का असर करोड़ों लोगों की जेब और दैनिक सेवाओं पर पड़ेगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 1 Jul, 2026 | 11:55 AM

Rules changed from July 1: आज यानी 1 जुलाई से देशभर में कई महत्वपूर्ण वित्तीय और नियामकीय बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों पर पड़ेगा. इन बदलावों में आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की समयसीमा, आधार अपडेट, क्रेडिट कार्ड नियम, पासपोर्ट शुल्क और उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े नए प्रावधान शामिल हैं. नए नियमों के तहत ITR-1 और ITR-2 भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है. वहीं, आधार कार्ड में ईमेल अपडेट कराने के लिए छह महीने की मुफ्त सुविधा भी शुरू की गई है. इसके अलावा, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक ने अपने कुछ क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किया है. साथ ही आज से विदेश यात्रा करने वाले लोगों को भी झटका लग सकता है, क्योंकि पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी की गई है.

75 रुपये का शुल्क माफ कर दिया गया

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड में पंजीकृत ईमेल आईडी अपडेट करने पर बड़ी राहत दी है. 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल अपडेट कराने के लिए लगने वाला 75 रुपये का शुल्क माफ कर दिया गया है. यह सुविधा केवल UIDAI के मोबाइल ऐप  के जरिए किए गए अपडेट पर लागू होगी. अन्य माध्यमों से ईमेल अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क पहले की तरह देना होगा. UIDAI का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य लोगों को अपने आधार रिकॉर्ड में संपर्क संबंधी जानकारी अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. इससे आधार से जुड़ी सेवाओं का उपयोग आसान होगा और सुरक्षा संबंधी अलर्ट भी समय पर मिल सकेंगे.

पासपोर्ट बनवाने के लिए देना होगा अधिक शुल्क

1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को पहले से अधिक शुल्क देना होगा. विदेश मंत्रालय ने सामान्य (नॉर्मल) और तत्काल (Tatkaal) दोनों तरह के पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी कर दी है. यह नई दरें भारत के साथ-साथ विदेशों में पासपोर्ट सेवाओं पर भी लागू होंगी. नई व्यवस्था के तहत 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है. इसी तरह अधिक पेज वाले पासपोर्ट और तत्काल सेवा की फीस में भी बढ़ोतरी की गई है. विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले नई शुल्क दरों की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि उन्हें अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े.

आज से क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव

1 जुलाई से एसबीआई कार्ड और एचडीएफसी बैंक ने अपने कुछ क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों के तहत एसबीआई कार्ड चुनिंदा PhonePe SBI क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स की सीमा तय करेगा और कुछ लेनदेन को रिवॉर्ड के दायरे से बाहर रखेगा. वहीं, एचडीएफसी बैंक ने घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा को खर्च की शर्त से जोड़ दिया है. अब कार्डधारकों को यह सुविधा पाने के लिए हर तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे. बैंकों का कहना है कि ये बदलाव ग्राहकों को बेहतर तरीके से सुविधाएं देने और अधिक खर्च करने वाले ग्राहकों पर फोकस करने के लिए किए गए हैं. ऐसे में कार्डधारकों को अपने खर्च के तरीके में बदलाव करना पड़ सकता है, ताकि वे पहले की तरह मिलने वाले लाभ और सुविधाएं जारी रख सकें.

कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता

नए वित्तीय वर्ष के लिए आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. अगर कोई करदाता इस तारीख के बाद रिटर्न दाखिल करता है, तो उसे जुर्माना देना पड़ सकता है. देरी से ITR फाइल करने पर 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की पेनल्टी लग सकती है. इसलिए करदाताओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना रिटर्न दाखिल कर दें. वहीं, आज से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर  की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई है. इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की नई कीमत 2,930 रुपये हो गई है. इसके अलावा 5 किलो वाले एफटीएल (FTL) सिलेंडर की कीमत भी 13 रुपये घटाई गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Jul, 2026 | 11:51 AM

लेटेस्ट न्यूज़