CM किसान हेल्पलाइन लॉन्च होते ही पहले सवाल का जवाब नहीं दे पाया ऑपरेटर, सीएम की किरकिरी!

CM Kisan Helpline Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव की उस समय किरकिरी हो गई जब तामझाम के साथ लॉन्च की गई CM किसान हेल्पलाइन पर लाइव वीडियो के दौरान सीएम ने खुद कॉल करके सवाल पूछा. लेकिन, उन्हें टालने वाला जवाब मिला. इस पर कांग्रेस ने सरकारी योजनाओं पर तीखी चुटकी ली है और सरकारी दावों पर सवाल खड़े किए हैं.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 30 Apr, 2026 | 06:18 PM

मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों की मदद के लिए सीएम किसान हेल्पलाइन लॉन्च की है. लाइव लॉन्चिंग के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके खुद सवाल पूछा. ऑपरेटर ने कॉल रिसीव किया. लेकिन, सीएम की तब किरकिरी हो गई जब उनके कृषि संबंधी आसान सवाल का जवाब ऑपरेटर नहीं दे पाया. इसके बाद तमाम तामझाम के साथ शुरू की गई ऑनलाइन सेवा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने आड़े हाथों लेते हुए सरकारी योजनाओं की आलोचना की और कहा कि डिजिटल सेवाओं की कलई खुल रही है. वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव की तीखी आलोचना की है.

मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में आयोजित ‘कृषि कर्मयोगी उन्मुखीकरण’ प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री किसान कल्याण वर्ष डैशबोर्ड’, ‘पैक्स सदस्यता पंजीयन पोर्टल’, ‘एकीकृत सहकारी प्रबंधन सूचना प्रणाली’ व ‘CM किसान हेल्पलाइन 155253’ भी लॉन्च की. उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के माध्यम से प्रदेश के किसानों को सशक्त, सुगम और तकनीक-आधारित सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित होगा.

सीएम ने पूछा- गर्मी की तीसरी फसल कौन सी लगाएं

मुख्यमंत्री ने सीएम किसान हेल्पलाइन लॉन्च करने के बाद पहली कॉल लगाई तो ऑपरेटर ने कॉल रिसीव की. ऑपरेटर ने बताया कि उसका नाम अभिषेक है और वह कैसे उनकी सहायता कर सकता है. सीएम मोहन यादव ने खुद को सामान्य किसान बताते हुए ऑपरेटर से पूछा कि मुझे गर्मी की तीसरी फसल लेना है, आप बताएं क्या लगाना चाहिए?

सीएम के सवाल का जवाब नहीं दे पाया ऑपरेटर

सीएम के इस सवाल पर ऑपरेटर ने पूछा कि जानकारी से पहले क्या मैं आपका नाम जान सकता हूं. इस पर सीएम ने कहा कि मैं एक सामान्य किसान बात कर रहा हूं.
इस पर ऑपरेटर अभिषेक ने कहा कि सर आपकी जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि वर्तमान में हमारे पास जानकारी उपलब्ध नहीं है. इस पर सीएम मोहन यादव वहां मौजूद अधिकारियों की ओर देखने लगे. हालांकि, उन्होंने मुस्कुराते हुए लाइव किरकिरी को संभालने की कोशिश की.

सीएम मोहन यादव ने ऑपरेटर से कंफर्म करने के लिए पूछा कि आप नहीं बता पाएंगे. इस पर ऑपरेटर ने सीएम से कहा कि आपका नंबर हम तक पहुंच गया है, हमारे विशेष अधिकारियों की ओर से संपर्क करके जानकारी दे जाएगी. इस पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि चलिए ठीक है धन्यवाद.

क्यों शुरू की गई सीएम किसान हेल्पलाइन

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सीएम किसान हेल्पलाइन सेंटर हफ्ते के 7 दिन सुबह 7 से शाम 5 बजे तक संचालित किया जाएगा. अन्नदाता खेती-किसानी से संबंधित जानकारी हेल्पलाइन नंबर 155253 पर कॉल करके हासिल कर सकेंगे. किसान अपनी कृषि संबंधी जटिल समस्याओं के लिए वैज्ञानिकों से अपॉइंटमेंट ले सकेंगे. कृषि अधिकारियों को किसानों को सीधे जोड़ा जाएगा.

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएम मोहन को घेरा

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि जिस तरह मुख्यमंत्री जी को यह नहीं पता कि गुड़ खेत में नहीं उगता, एक बीघा में 50 क्विंटल गेहूं नहीं होता, ठीक उसी तरह उनके अधिकारियों को भी यह नहीं पता कि गर्मी में कौन सी फसल उगाई जानी चाहिए. जिस CM किसान हेल्पलाइन की वाहवाही मोहन यादव जी हर मंच से लूटते थे, आज उन्होंने रील बनवाने के लिए उसी CM किसान हेल्पलाइन पर फोन लगाया और किसान बनकर सवाल किया.जवाब आया: “हमें इसकी जानकारी नहीं है!” कांग्रेस अध्यक्ष ने चुटकी लेते हुए लिखा कि यह है विज्ञापन के ‘किसान पुत्र’ मोहन यादव और उनकी सरकार!

किसानों को मूर्ख बनाने वालों की कलई खुल रही है- कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज

कांग्रेस के प्रवक्ता राहुल राज ने किसान इंडिया को बताया कि मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं फेल साबित हुई हैं. सीएम किसान हेल्पलाइन के ऑपरेटर आसान सवाल का जवाब नहीं दे पाया है, इससे बड़ी किरकिरी क्या हो सकती है. उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया का सपना दिखाने वालों की कलई खुल गई है. मोहन सरकार किसानों को मूर्ख बनाने का काम कर रही है. गेहूं खरीद में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की स्थिति, डिजिटल सर्वे सब फेल साबित हुए हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 30 Apr, 2026 | 06:08 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी कितने रुपये तय किया है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
पुंगनूर नस्ल
विजेताओं के नाम
सुभाष चंद्र गुप्ता- किसनपुर, अमेठी, उत्तर प्रदेश

लेटेस्ट न्यूज़