PM-SYM Yojana: देश में किसानों के साथ आज भी करोड़ों लोग ऐसे हैं जो असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं जैसे मजदूर, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार या रेहड़ी-पटरी वाले. इनके पास न तो कोई स्थायी नौकरी होती है और न ही रिटायरमेंट के बाद आय का कोई सुरक्षित साधन. इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) शुरू की है. इसका उद्देश्य है बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देना और किसी पर निर्भरता खत्म करना.
क्या है प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना?
केंद्र सरकार ने यह योजना फरवरी 2019 में शुरू की गई थी. इसका मकसद उन लोगों को मदद देना है जो असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं और जिनके पास बुढ़ापे के लिए कोई पेंशन व्यवस्था नहीं होती. इस योजना में व्यक्ति को अपनी उम्र के हिसाब से हर महीने एक छोटी राशि जमा करनी होती है. जब वह 60 साल का हो जाता है, तो सरकार उसे हर महीने 3000 रुपये पेंशन देती है. यह योजना खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है जो EPFO या ESIC जैसी सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में नहीं आते.
कितना योगदान करना होता है?
प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना (PM-SYM) में शामिल होने के लिए व्यक्ति को उसकी उम्र के अनुसार हर महीने लगभग 55 से 200 रुपये तक का योगदान करना होता है. यह राशि सीधे बैंक खाते से ऑटो-डेबिट के जरिए कटती है. 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद लाभार्थी को हर महीने 3000 रुपये की पेंशन मिलनी शुरू हो जाती है, जो बुढ़ापे में एक स्थिर आय का साधन बनती है.
कौन लोग ले सकते हैं इस योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग ले सकते हैं, जैसे:
- रेहड़ी-पटरी वाले
- रिक्शा चालक
- घरेलू कामगार
- निर्माण मजदूर
- खेतिहर मजदूर
- कूड़ा बीनने वाले
- बीड़ी और हथकरघा कामगार
- मोची और अन्य छोटे कारीगर
जरूरी दस्तावेज क्या हैं?
इस योजना में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है:
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक
- मोबाइल नंबर
- ऑटो-डेबिट की अनुमति फॉर्म
कैसे करें आवेदन?
इस योजना में आवेदन करना काफी आसान है. इच्छुक व्यक्ति नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके अलावा LIC, EPFO या ESIC कार्यालय में भी जाकर आवेदन किया जा सकता है.
अगर लाभार्थी की मृत्यु हो जाए तो क्या होगा?
इस योजना की खास बात यह है कि यदि लाभार्थी की मृत्यु 60 वर्ष के बाद हो जाती है, तो पेंशन का लाभ उसकी पत्नी को मिलना शुरू हो जाता है. यानी यह योजना परिवार को भी आर्थिक सुरक्षा देती है. प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना उन लोगों के लिए एक मजबूत सहारा है जो असंगठित क्षेत्र में मेहनत तो करते हैं लेकिन भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं. यह योजना न सिर्फ बुढ़ापे को सुरक्षित बनाती है बल्कि आत्मनिर्भर जीवन जीने का भरोसा भी देती है.