पेपर लीक होने के बाद कृषि परीक्षा रद्द की गई, प्रोफेसर और 5 छात्र गिरफ्तार, सीएम ने रिपोर्ट तलब की

IGKV University Paper Leak: रायपुर की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पेपर लीक की जांच समिति बना दी है और रिपोर्ट मांगी है. सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 24 Aug, 2026 | 12:19 PM

पेपर लीक का जिन्न अब कृषि परीक्षा को भी अपनी चपेट में ले चुका है. छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की परीक्षा के तहत प्लांट पैथोलॉजी और एंटोमोलॉजी का पेपर लीक हो गया है. मामले की जानकारी के बाद आरोपी प्रोफेसर और 5 छात्रों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में प्रोफेसर ने पेपर लीक करने की बात स्वीकार की है. जबकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों पेपर की परीक्षा को रद्द कर दिया है. वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेपर लीक मामले की जांच के लिए समिति बनाई है और रिपोर्ट तलब की है.

प्रश्नपत्र लीक के चलते ‘प्लांट पैथोलॉजी’ की परीक्षा रद्द

छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) ने प्रश्नपत्र लीक के चलते 7 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी और एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है. यह फैसला आईजीकेवी के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में लिया गया. बैठक में 20 अगस्त को आईजीकेवी के तहत बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के विषय एंटोमोलॉजी के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले पर भी चर्चा की गई.

निजी कॉलेज का प्रोफेसर और पांच छात्र गिरफ्तार

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) का प्रश्न पत्र लीक करने के मामले में पुलिस ने दुर्ग जिले के एक निजी कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 20 अगस्त को होने वाली एंटोमोलॉजी (कीटशास्त्र) विषय की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मुख्यमंत्री ने पेपर लीक की जांच समिति से मांगी रिपोर्ट

IGKV में पेपर लीक मामले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हां, यह मामला हमारी जानकारी में भी है और विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दी है. इसके लिए पांच सदस्यों की एक समिति भी बनाई गई है. मामले की जांच होगी और जांच के बाद रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रोफेसर ने दोनों पेपर लीक करने की बात कबूली

पेपर लीक मामले पर DCP (क्राइम और साइबर) स्मृतिक राजनाला ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि परीक्षा नियंत्रक ने हमें बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में 20 तारीख को प्लांट एंटोमोलॉजी का पेपर लीक होने की खबर मिली थी. हमने तुरंत मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच और पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम बनाई. हमें कुछ सुराग मिले जिनसे पता चला कि दुर्ग के भारती कॉलेज का एक प्रोफेसर इसमें शामिल था. अब तक हमने प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. प्रोफेसर ने 7 तारीख को प्लांट पैथोलॉजी का पेपर और 20 तारीख को एंटोमोलॉजी का पेपर लीक करने की बात भी कबूल कर ली है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 24 Aug, 2026 | 11:45 AM

लेटेस्ट न्यूज़