तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में बड़ा ऐलान किया है. उनकी सरकार पात्र महिला मुखिया वाले परिवारों को हर साल मुफ्त में 3 घरेलू LPG सिलेंडर देगी. यह योजना ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ के नाम से शुरू की जाएगी और जनवरी 2027 में पोंगल के मौके पर लागू होगी. मुख्यमंत्री विजय के मुताबिक, इस योजना से करीब 1.30 करोड़ परिवारों को फायदा मिलेगा. राज्य सरकार पर हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. यह योजना उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए प्रमुख वादों में शामिल थी.
सीएम विजय ने हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर देने की योजना को खाना पकाने वाली गैस की कमी और बढ़ती कीमतों से जोड़ते हुए कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष का असर LPG की उपलब्धता पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों से LPG सिलेंडरों की उपलब्धता में कमी आई है. इसके कारण लोगों को वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. साथ ही, सिलेंडर की कीमत बढ़ने से परिवारों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ा है और उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आर्थिक दबाव के बावजूद चुनावी वादा पूरा करेगी सरकार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि राज्य सरकार आर्थिक दबाव के बावजूद अपना चुनावी वादा पूरा करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद लोगों पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ को कम करना और उनका कल्याण सुनिश्चित करना है. विजय ने बताया कि ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स योजना’ के तहत पहले चरण में महिला मुखिया वाले परिवारों को हर साल 3 मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे.
सीधे बैंक खाते में वापस आएगी सिलेंडर की कीमत
सरकार लाभार्थियों को सीधे सिलेंडर नहीं बांटेगी. लाभार्थी पहले की तरह मौजूदा वितरण नेटवर्क से LPG सिलेंडर बुक करके खरीदेंगे. इसके बाद सरकार तेल कंपनियों से सिलेंडर की खरीद की जानकारी लेगी और सिलेंडर की कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में वापस करेगी. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बताया कि ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स योजना’ का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा. इसमें 2.5 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार, छोटे और सीमांत किसान परिवार, ट्रांसजेंडर परिवार और समाज के अन्य जरूरतमंद परिवार शामिल होंगे.
1.30 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ
सीएम विजय के मुताबिक, इस योजना से करीब 1 करोड़ 30 लाख 16 हजार 104 परिवारों को फायदा मिलेगा. योजना की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और इसे 2027 में पोंगल के मौके पर लागू किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि इस योजना के लिए सरकार हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का बजट रखेगी.
महिलाओं के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू
विजय सरकार ने महिलाओं से जुड़ी कई अन्य योजनाओं का भी ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगप्पेन स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स योजना, थाई मामन गोल्ड रिंग योजना, वेत्री महिला बकरी पालन योजना और अन्नन सीर योजना के लिए बजट जारी कर दिया गया है और इनका काम शुरू हो चुका है. साथ ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘वेट्री विजन प्लान’ भी तैयार किया है. इसमें सरकार के पहले, तीसरे और पांचवें साल के लिए अलग-अलग योजनाओं और लक्ष्यों को तय किया गया है. इनमें कई योजनाएं महिलाओं पर केंद्रित हैं.