धान खरीद में नंबर-1 बना तेलंगाना, किसानों के खातों में पहुंचे 11,903 करोड़ रुपये

तेलंगाना में इस रबी सीजन धान खरीद को लेकर बड़ा रिकॉर्ड बना है. सरकार ने लाखों किसानों से फसल खरीदकर भुगतान सीधे उनके खातों में भेजा है. खेती, सिंचाई और कृषि विकास पर बढ़ते फोकस का असर उत्पादन और किसानों की आय में भी देखने को मिल रहा है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 2 Jun, 2026 | 11:30 PM

Telangana Paddy Procurement: तेलंगाना सरकार ने रबी सीजन में धान खरीद को लेकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी (CM A. Revanth Reddy) ने तेलंगाना गठन दिवस समारोह के दौरान कहा कि इस सीजन में देशभर में खरीदे गए कुल धान का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा अकेले तेलंगाना से आया है. उन्होंने बताया कि सरकार अब तक 63.65 लाख मीट्रिक टन धान खरीद चुकी है और किसानों के खातों में सीधे 11,903 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं.

किसानों को मिला बड़ा फायदा

CM ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि सरकार किसानों को उनकी फसल  का उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है. बेमौसम बारिश से जिन इलाकों में फसल को नुकसान हुआ, वहां किसानों को राहत देने के लिए लगभग 10 हजार मीट्रिक टन गीले धान की भी खरीद की गई. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद मिली. उन्होंने कहा कि धान खरीद के मामले में आज तेलंगाना देश के अन्य राज्यों से आगे है. सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रोत्साहन का असर खेती पर साफ दिखाई दे रहा है.

खाद्यान्न उत्पादन में भी बना रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2025-26 के अनुमान के आधार पर राज्य में 236.87 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन दर्ज किया गया है, जो अब तक का सबसे अधिक है. धान, मक्का और कपास  जैसी फसलों के उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन क्षेत्र में भी तेजी से विकास हुआ है. मुख्यमंत्री ने किसानों से फसल विविधीकरण अपनाने की अपील की ताकि खेती को और अधिक लाभदायक बनाया जा सके और राज्य में विभिन्न प्रकार की फसलों का उत्पादन बढ़ सके.

सिंचाई और विकास परियोजनाओं पर जोर

सरकार गोदावरी नदी पर एक नए बैराज के निर्माण की दिशा में भी काम कर रही है. इसके लिए पड़ोसी राज्य से सहयोग मांगा गया है. इसके साथ ही बताया कि मैं महाराष्ट्र से प्राणहिता-चेवेल्ला परियोजना के लिए आवश्यक 2,000 एकड़ भूमि आवंटित करने का आग्रह करता हूं. मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ पुरानी सिंचाई परियोजनाओं  में आई तकनीकी समस्याओं को दूर करने का काम भी शुरू कर दिया गया है ताकि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिल सकें.

रोजगार और शिक्षा पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने रिकॉर्ड समय में 67 हजार से अधिक सरकारी पदों को भरा है. आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों में नई भर्तियों की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. शिक्षा क्षेत्र में सुधार के तहत हजारों सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं शुरू की जा रही हैं. सरकार का लक्ष्य शिक्षा, कृषि, रोजगार  और बुनियादी ढांचे के विकास के जरिए राज्य को तेजी से आगे बढ़ाना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में तेलंगाना को वैश्विक स्तर पर मजबूत आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Jun, 2026 | 11:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़