2047 के विकसित भारत की नींव बनेगा विकसित ग्राम मॉडल, गांव-गांव तक तकनीक और रोजगार का रोडमैप तैयार

दिल्ली में हुए ग्रामीण विकास सम्मेलन में 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए गांवों को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. सरकार ने विकसित ग्राम मॉडल को देश की प्रगति की नींव बताया है. तकनीक, रोजगार और योजनाओं की समीक्षा के जरिए गांवों के समग्र विकास की रणनीति पर चर्चा हुई.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 28 Jun, 2026 | 06:51 PM

Viksit Bharat 2047: गांवों को सिर्फ विकास की इकाई नहीं, बल्कि पूरे देश की तरक्की की असली ताकत बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. विकसित ग्राम, विकसित भारत की सोच के साथ आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में साफ संदेश दिया गया कि 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर गांव मजबूत, आत्मनिर्भर और आधुनिक बनेगा. इसी सम्मेलन में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांवों का विकास ही देश के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना विकसित गांव के विकसित भारत की कल्पना भी संभव नहीं है.

विकसित गांव से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत का रास्ता

सम्मेलन में शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि विकसित गांव  का मतलब सिर्फ सड़क, बिजली या पानी जैसी सुविधाएं नहीं है, बल्कि ऐसे गांव हैं जहां गरीबी खत्म हो, रोजगार के अवसर बढ़ें और लोगों का जीवन स्तर मजबूत हो. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि भारत 2047 तक एक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बने, लेकिन यह लक्ष्य तभी संभव है जब गांवों को मजबूत किया जाए. देशभर से आए अधिकारी इस सम्मेलन में शामिल हुए और गांवों के विकास से जुड़ी मौजूदा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सरकार का फोकस इस बात पर है कि योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखाएं.

5 सत्रों में योजनाओं की समीक्षा और सुधार पर मंथन

सम्मेलन में पूरे दिन पांच अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए. इन सत्रों में ग्रामीण विकास  की मौजूदा योजनाओं की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने इस बात पर चर्चा की कि किन योजनाओं में सुधार की जरूरत है और किन नई नीतियों को शामिल किया जा सकता है. चर्चा का मुख्य उद्देश्य यह था कि सरकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि हर लाभ सीधे और तेजी से लोगों तक पहुंच सके. साथ ही यह भी देखा गया कि किसी भी स्तर पर अगर कोई रुकावट या कमी है तो उसे कैसे दूर किया जाए.

तकनीक से गांवों में आएगी पारदर्शिता और गति

सम्मेलन में तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया. ग्रामीण योजनाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस  (AI), डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और GIS आधारित सिस्टम को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों का मानना है कि इन तकनीकों के इस्तेमाल से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी. साथ ही लाभार्थियों तक सहायता तेजी से और सीधे पहुंच सकेगी. इससे गांवों के विकास की गति भी तेज होगी. ये दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन एनएएससी कॉम्प्लेक्स, पूसा, नई दिल्ली में आयोजित किया गया है. इसका उद्देश्य देश के गांवों के विकास के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार करना है. सम्मेलन के अंत में सरकार एक ऐसी रणनीति तैयार करना चाहती है जिससे गांव आत्मनिर्भर बनें और 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार हो सके. अधिकारियों का कहना है कि ये पहल ग्रामीण भारत को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़