Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई. इससे तापमान में गिरावट आ गई. वहीं, भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. IMD का कहना है कि देश में जल्दी गर्मी शुरू होने के कारण आने वाले दिनों में कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में लू जैसी स्थिति भी बन सकती है. मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच पूर्वोत्तर भारत में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है और तेज हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 15 से 19 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी आंधी और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक में बारिश की संभावना
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश हो सकती है. बारिश की गतिविधि बढ़ने के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज लू पड़ सकती है.
अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है
इसके अलावा गुजरात के तटीय इलाके, कोंकण-गोवा और केरल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले एक हफ्ते में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. वहीं मध्य भारत में अगले 24 घंटे बाद तापमान धीरे-धीरे घटने लगेगा. पूर्वी भारत में पहले तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन बाद में इसमें गिरावट आने की संभावना है.
न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है
दिल्ली में मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 143 दर्ज किया गया, जो मध्यम (Moderate) श्रेणी में आता है. CPCB के मानकों के मुताबिक 101 से 200 के बीच का AQI मध्यम माना जाता है. इस स्तर की हवा सामान्य लोगों के लिए ठीक रहती है, लेकिन संवेदनशील लोगों को सांस लेने में थोड़ी परेशानी हो सकती है.
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी
मार्च आगे बढ़ने के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी बढ़ने लगी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ज्यादा है और पारा 22°C से 40°C के बीच पहुंच रहा है. कम बारिश और साफ आसमान इस बढ़ती गर्मी के मुख्य कारण हैं. इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. इसके कारण 15 से 17 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में थोड़ी ठंडक आ सकती है, लेकिन मैदानी इलाकों में गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.