IMD ने जारी किया अलर्ट, 9 मार्च तक कई राज्यों में रहेगी हीटवेव जैसी स्थिति! आंध्र प्रदेश में 40 डिग्री तापमान

IMD ने 8-9 मार्च को दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में हीटवेव जैसी स्थिति का अलर्ट जारी किया है. होली के बाद तापमान तेजी से बढ़ा है और कई जगह 30-40°C तक पहुंच गया है. कुछ क्षेत्रों में बारिश और आंधी की भी संभावना है, लेकिन दिन में तेज गर्मी जारी रहेगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 8 Mar, 2026 | 07:27 AM

Weather Update: देशभर में सर्दी का मौसम खत्म हो चुका है और गर्मी ने दस्तक दे दी है. होली के बाद से तापमान में लागातार बढ़ोतरी हो रही है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों को लेकर अलर्ट जारी किया है. उसने कहा है कि 8 और 9 मार्च को कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है और इन दिनों तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई है. राजस्थान की बात करें तो यहां सर्दी पूरी तरह विदा हो चुकी है और गर्मी का असर दिखने लगा है. कुछ जिलों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 मार्च को राजस्थान में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है और दिन के समय तेज गर्मी से ऐसा महसूस होगा मानो आसमान से आग बरस रही हो.

IMD ने चेतावनी जारी की है कि 8 और 9 मार्च को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल और बिहार में हीटवेव जैसी स्थिति  बन सकती है. इन दिनों दिन के समय तेज गर्मी पड़ेगी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो सकती है. हालांकि सुबह और रात के समय तापमान थोड़ा कम रहने से गर्मी उतनी महसूस नहीं होगी, लेकिन दिन में तापमान बढ़ने से लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

आंध्र प्रदेश में 8 और 9 मार्च को हीटवेव की स्थिति बन सकती है

वहीं, मौसम विभाग के अमरावती केंद्र ने अनुमान जताया है कि दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में 8 और 9 मार्च को हीटवेव की स्थिति बन सकती है और 11 मार्च तक गर्म व उमस भरा मौसम बना रह सकता है. मार्च के पहले हफ्ते में ही कई जगहों पर तापमान काफी बढ़ गया. 6 मार्च को कवाली, ओंगोल, बापटला और नेल्लोर में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 से 6.5 डिग्री अधिक था. मौसम विभाग के अनुसार, जब तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा हो जाता है, तो उसे हीटवेव की स्थिति माना जाता है.

9 और 10 मार्च को गरज के साथ बारिश की संभावना

हालांकि शनिवार को तापमान  में थोड़ी गिरावट आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली. उस दिन कर्नूल में 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो इस समय के हिसाब से सामान्य माना जाता है. साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार रायलसीमा क्षेत्र में अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है. वहीं उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में 9 और 10 मार्च को गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिसके बाद फिर से गर्म मौसम रहने की उम्मीद है.

रायलसीमा क्षेत्रों में सामान्य से अधिक रह सकता है तापमान

IMD ने अपने समर आउटलुक में बताया है कि आंध्र प्रदेश में मार्च से मई के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार मार्च महीने में खासतौर पर सेंट्रल आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जिससे गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा.

ओडिशा और मुंबई में ऐसा रहेगा मौसम

वहीं, ओडिशा में अगले दो दिनों तक 11 तटीय जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम  रहने की संभावना है. IMD का कहना है कि इन जिलों में बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति शामिल हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. रविवार के लिए कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की ऑरेंज चेतावनी भी जारी की गई है. जिन जिलों में ऐसी स्थिति बन सकती है, उनमें झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, जाजपुर, कटक, भद्रक, केंद्रापाड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा, पुरी, रायगड़ा और कोरापुट शामिल हैं. मौसम विभाग ने 8 और 9 मार्च के लिए मुंबई में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान दिन का तापमान बढ़कर करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और नमी भी अधिक रहेगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 8 Mar, 2026 | 07:27 AM

लेटेस्ट न्यूज़