मार्च की शुरुआत में ही तेज हुई गर्मी, दिल्ली से राजस्थान तक चढ़ा पारा… कई राज्यों में बारिश से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है और मैदानी इलाकों में भी मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 6 Mar, 2026 | 06:58 AM

Today Weather: मार्च का महीना शुरू होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दोपहर के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को अब गर्मी का अहसास होने लगा है. खासतौर पर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है.

हालांकि इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना भी जताई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है और मैदानी इलाकों में भी मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में जल्द ही मौसम बदल सकता है. हिमाचल प्रदेश में 7 से 10 मार्च के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी और मनाली जैसे क्षेत्रों में मौसम ठंडा रह सकता है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड में भी 8 से 11 मार्च के बीच मौसम बदलने की संभावना है. देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. देहरादून में फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम तापमान 16°C रहने का अनुमान है.

दिल्ली में बढ़ेगा तापमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 मार्च को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दोपहर के समय 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी हो सकती है.

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा. आगरा, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस, एटा, अलीगढ़, बरेली, बदायूं, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, बलरामपुर, गोंडा, अमेठी, बाराबंकी, बागपत, कानपुर और लखनऊ सहित कई जिलों में तापमान बढ़ सकता है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 17°C रहने की संभावना है.

बिहार में बादल और हल्की बारिश की संभावना

बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च के आसपास राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 19°C रहने का अनुमान है.

राजस्थान में गर्मी का असर तेज

राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किए जा रहे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात और उससे सटे अरब सागर के ऊपर बने प्रतिचक्रवाती तंत्र के कारण अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रह सकता है. राज्य के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में 8 से 10 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 40°C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

झारखंड और पश्चिम बंगाल में बदल सकता है मौसम

झारखंड में फिलहाल गर्मी बढ़ने का अनुमान है, लेकिन 9 मार्च के बाद कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. रांची, पलामू, हजारीबाग और कोडरमा जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. रांची में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान करीब 11°C रहने का अनुमान है. वहीं पश्चिम बंगाल में 8 से 11 मार्च के बीच बारिश की संभावना है. दार्जिलिंग, हुगली, मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 21°C रहने का अनुमान है.

दक्षिण भारत में भी मौसम में बदलाव

तमिलनाडु में भी अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है. हालांकि मन्नार की खाड़ी के पास बने दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च तक पश्चिमी घाट के जिलों और दक्षिणी तटीय इलाकों में हल्की बारिश संभव है. इसके अलावा तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ क्षेत्रों में 10 मार्च को मध्यम बारिश भी हो सकती है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च के पहले पखवाड़े में देश के कई हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 Mar, 2026 | 06:56 AM

तोरई की अच्छी पैदावार के लिए क्या जरूरी है?

लेटेस्ट न्यूज़