बर्ड फ्लू की आशंका पर बिहार सरकार की बड़ी अपील, मृत पक्षियों को न छुएं और तुरंत दें सूचना

बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर जनता से सावधानी बरतने की अपील की है. मृत या बीमार पक्षियों को हाथ न लगाने और तुरंत प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है. अफवाहों से दूर रहने और केवल सरकारी जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 3 Mar, 2026 | 04:21 PM

Bird Flu Alert: बर्ड फ्लू की खबरें सामने आते ही लोगों में डर फैल जाता है. लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, बस थोड़ी सावधानी जरूरी है. बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग और पशुपालन निदेशालय ने आम जनता से साफ अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें और सरकारी निर्देशों का पालन करें. विभाग का कहना है कि जागरूकता और सतर्कता से इस बीमारी को फैलने से रोका जा सकता है.

मृत पक्षियों को हाथ न लगाएं

विभाग ने साफ कहा है कि अगर कहीं कोई मृत या बीमार पक्षी  दिखे तो उसे हाथ न लगाएं. न उसे उठाएं और न ही उसकी कोई चीड़-फाड़ करें. कई बार लोग जिज्ञासा में या लापरवाही में ऐसा कर बैठते हैं, जिससे खतरा बढ़ सकता है. सरकार का कहना है कि ऐसे मामलों में खुद से कुछ करने की बजाय तुरंत प्रशासन को जानकारी देना ज्यादा जरूरी है. इससे समय रहते जांच और जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं.

तुरंत दें प्रशासन को सूचना

अगर आपके गांव, मोहल्ले या खेत में कोई पक्षी बीमार दिखे या मरा हुआ मिले, तो तुरंत स्थानीय प्रशासन या पशुपालन विभाग को सूचना दें. विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी. समय पर सूचना देने से बीमारी को फैलने  से रोका जा सकता है. इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही न करें और जिम्मेदारी दिखाएं.

अफवाहों से रहें दूर

बर्ड फ्लू को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल जाती हैं. कोई कहता है कि चिकन खाने से तुरंत बीमारी हो जाएगी, तो कोई कहता है कि यह इंसानों में तेजी से फैलती है. विभाग ने साफ कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें. केवल सरकार और अधिकृत विभागों की ओर से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर आने वाली हर खबर सही नहीं होती. गलत जानकारी से डर और भ्रम फैलता है.

इंसानों में संक्रमण की पुष्टि नहीं

विभाग ने यह भी बताया है कि देश में वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू रोग की पुष्टि हुई थी. लेकिन अब तक मनुष्यों में इस रोग का संक्रमण नहीं पाया गया है. यानी अभी तक इंसानों में इस बीमारी के फैलने  का कोई मामला सामने नहीं आया है. इसलिए लोगों को बेवजह घबराने की जरूरत नहीं है. बस सावधानी रखें और साफ-सफाई का ध्यान रखें.

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अनुसार जागरूकता ही इस बीमारी से बचने का सबसे बड़ा तरीका है. पोल्ट्री फार्म  चलाने वाले लोग खास सावधानी बरतें. पक्षियों के आसपास सफाई रखें और किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी तुरंत विभाग को दें. आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे बिना कारण किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं.

अगर सभी लोग मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे तो बर्ड फ्लू जैसी बीमारी को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर तुरंत कदम उठाए जाएंगे. इसलिए घबराएं नहीं, सतर्क रहें और सरकारी निर्देशों का पालन करें. यही समझदारी और सुरक्षा का सही रास्ता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

तोरई की अच्छी पैदावार के लिए क्या जरूरी है?

लेटेस्ट न्यूज़