Gaon Gwala Yojana: राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला! गायों की देखरेख पर ग्वाला को मिलेगा 10 हजार रुपये

राजस्थान सरकार ने गांव ग्वाला योजना शुरू की है, जिसके तहत हर गांव में एक ग्वाला नियुक्त होगा. उसे गायों की देखरेख के बदले 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. योजना की शुरुआत रामगंजमंडी से हुई है और इसे जल्द पूरे राज्य में लागू किया जाएगा.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 5 Mar, 2026 | 01:31 PM

Gaon Gwala Yojana: राजस्थान में गोवंश और किसानों से जुड़ी एक नई पहल शुरू हुई है. राज्य सरकार ने गांवों में गायों की देखरेख को मजबूत करने के लिए गांव ग्वाला योजना शुरू की है. इस योजना के तहत हर गांव में एक ग्वाला रखा जाएगा, जो गांव की गायों को रोज चराने ले जाएगा और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएगा. सरकार का कहना है कि इससे गोवंश सुरक्षित रहेगा, किसानों को राहत मिलेगी और गांव के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा.

क्या है गांव ग्वाला योजना?

गांव ग्वाला योजना राजस्थान सरकार की नई योजना है. इसका मकसद गांव में मौजूद सभी गोवंश की देखभाल एक जिम्मेदार व्यक्ति के जरिए करना है. हर गांव में एक ग्वाला चुना जाएगा, जो रोज सुबह गांव की गायों को इकट्ठा करेगा और उन्हें गांव की गोचर (चारागाह) भूमि पर चराने ले जाएगा. शाम को वही ग्वाला सभी पशुओं को सुरक्षित वापस उनके मालिकों के घर तक छोड़ेगा. इससे गायों के इधर-उधर भटकने की समस्या कम होगी और सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं  की संख्या भी घटेगी.

ग्वाले को क्या मिलेगा और कैसे होगा चयन?

राजस्थान सरकार के अनुसार, हर ग्वाला को 10 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा. यह रकम उसे गांव की गायों की देखरेख  के बदले मिलेगी. योजना की शुरुआत रामगंजमंडी (जिला कोटा) से की गई है, जहां फिलहाल 14 ग्वालों की नियुक्ति हो चुकी है. आगे इसे पूरे राजस्थान में से लागू किया जाएगा. गांव स्तर पर समिति बनेगी, जो ग्वाले के चयन और निगरानी का काम करेगी. स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी इसमें सहयोग करेंगे.

ग्वाले का रोज का काम क्या होगा?

ग्वाले का मुख्य काम होगा:-

  • सुबह गांव की सभी गायों को एक जगह इकट्ठा करना.
  • उन्हें सुरक्षित रूप से चारागाह भूमि तक ले जाना.
  • दिनभर उनकी निगरानी करना.
  • शाम को उन्हें उनके मालिकों के घर तक छोड़ना.

इससे किसानों को रोज पशु चराने की चिंता नहीं रहेगी. वे अपना समय खेती या दूसरे काम  में लगा सकेंगे. साथ ही, गायों के खोने या दुर्घटना का खतरा भी कम होगा.

किसानों को कैसे मिलेगा फायदा?

इस योजना से किसानों को कई तरह से लाभ होगा. सबसे बड़ा फायदा यह है कि उन्हें अपनी गायों को चराने के लिए अलग से समय नहीं निकालना पड़ेगा. इससे उनका समय बचेगा और वे खेत या अन्य काम पर ध्यान दे पाएंगे. दूसरा फायदा यह है कि जब गायें सुरक्षित और सही जगह पर चरेंगी, तो उनका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा. स्वस्थ पशु ज्यादा दूध  देंगे, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ सकती है. इसके साथ ही, गांव में आवारा पशुओं की समस्या कम होगी. फसलों को नुकसान भी घटेगा, क्योंकि गायें सड़कों और खेतों में भटकने के बजाय तय चारागाह पर ही रहेंगी.

योजना का लाभ लेने के लिए क्या करना होगा?

  • जिन किसानों की गायें हैं, उन्हें ग्राम पंचायत में जानकारी देनी होगी.
  • गांव में बनाई गई समिति ग्वाले की नियुक्ति करेगी.
  • इसके बाद तय समय पर ग्वाला गांव की गायों को चराने ले जाएगा.

किसानों को अलग से कोई बड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी. योजना गांव स्तर पर ही लागू होगी, इसलिए फायदा सीधे मिलेगा

चारागाह भूमि और गोवंश संरक्षण पर असर

गांवों में अक्सर चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें आती हैं. जब उस जमीन का नियमित उपयोग नहीं होता, तो लोग उस पर कब्जा करने लगते हैं. इस योजना के तहत जब रोज गायें गोचर भूमि पर जाएंगी, तो वह जमीन सुरक्षित रहेगी और उसका सही उपयोग होगा. इससे पशुओं को पर्याप्त चारा  मिलेगा और जमीन भी संरक्षित रहेगी. सरकार का मानना है कि संगठित तरीके से गोवंश को चराने की व्यवस्था होने से उन्हें असुरक्षित हालात से बचाया जा सकेगा. गांव में पशुधन की परंपरा भी मजबूत होगी.

योजना की निगरानी और आगे की तैयारी

हर गांव में एक समिति बनाई जाएगी, जो योजना के सही संचालन पर नजर रखेगी. पंचायत स्तर पर संबंधित कर्मचारी, जैसे पटवारी, भी व्यवस्था की निगरानी करेंगे. अभी यह तय नहीं हुआ है कि एक ग्वाले के जिम्मे कितनी गायें होंगी. इस पर जल्द ही साफ दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. अगर यह योजना सफल रहती है, तो यह दूसरे राज्यों के लिए भी एक अच्छा उदाहरण बन सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

तोरई की अच्छी पैदावार के लिए क्या जरूरी है?

लेटेस्ट न्यूज़