राजस्थान डेयरी फेडरेशन के एमडी की नियुक्ति पर घमासान, डेयरी संघों ने मोर्चा खोला

राजस्थान में कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के एमडी पद पर नियुक्ति को लेकर घमासान मचा हुआ है. दुग्ध संघों और डेयरी एसोसिएशन ने शासन को चिट्ठी भेजकर कहा है कि रिटायर आईएएस की पुनर्नियुक्त का नियम नहीं है, इसलिए मौजूदा किसी सेवारत आईएएस की नियुक्ति की जाए.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 12 Sep, 2026 | 06:41 PM

राजस्थान में कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के एमडी पद पर नियुक्ति को लेकर घमासान मचा हुआ है. पद पर कार्यरत रहीं आईएएस श्रुति भारद्वाज का कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को पूरा हो चुका है. दुग्ध उत्पादक संघों ने कहा कि उन्हें फिर से नियुक्त देने की कोशिशें की जा रही हैं, जिसका संघ विरोध करता है. इस संबंध में अजमेर दुग्ध संघ और डेयरी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन अजमेर दुग्ध संघ और डेयरी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से शासन को चिट्ठी भेजकर श्रुति भारद्वाज की पुनर्नियुक्ति या सेवा विस्तार नहीं करने का आग्रह किया है और जल्द से जल्द खाली पद पर किसी अन्य व्यक्ति को नियुक्त करने की मांग की गई है, ताकि 12 दिन से ठप पड़े डेयरी क्षेत्र के कार्यों को फिर से सुचारू किया जा सके.

दो डेयरी संघों ने शासन को भेजी चिट्ठी

डेयरी अधिकारी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन और अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की ओर से राज्य सचिवालय को भेजी गई चिट्ठी में RCDF की एमडी रहीं श्रुति भारद्वाज पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. राजस्थान प्रदेश में सरस डेयरी ब्रांड को संचालित करने वाली शीर्ष सहकारी संस्था राजस्थान कोआपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के MD पद पर पदस्थापित रही श्रुति भारद्वाज आईएएस का रिटायरमेंट 31 अगस्त 2026 को हो जाने के बाद 12 दिन से MD पद रिक्त चल रहा है जिस कारण प्रदेश के डेयरी विभाग का रूटीन कामकाज बिल्कुल ठप हो गया है. नीतिगत मामलों में निर्णय में देरी हो रही है जिसका खामियाजा प्रदेश के पशुपालकों और आमजन को उठाना पड़ रहा है.

नियमों के विपरीत पुनर्नियुक्त करने की कोशिशों का विरोध

दोनों संगठनों ने आरोप लगाया है कि रिटायर्ड आईएएस श्रुती भारद्वाज सरकार को गुमराह करके MD RCDF के पद पर पुनर्नियुक्ति करवाने के लिए सरकार पर दबाव बना रही हैं. इस तरह से रिटायर्ड अधिकारी को पे माइनस पेंशन पर प्रदेश के बड़े विभाग का मुखिया नियुक्त करना नियमों के अनुरूप सही नहीं है. शासन को भेजी गई चिट्ठी में बताया गया है कि MD RCDF का पद नियमित आईएएस के लिए है. इस पद पर रिटायर्ड आईएएस को पदस्थापित करने का नियमों में कोई प्रावधान नहीं है. क्योंकि इस पद में RCDF की समस्त वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां निहित हैं. जबकि रिटायर्ड अधिकारी की किसी भी तरह की जवाबदेही नहीं होती है, ऐसे में रिटायर्ड अधिकारी को इस पद पर लगाना नियमों का उल्लंघन है.

सरस दुग्ध संघों को कमजोर करने और भर्ती रोकने के आरोप

आरोप है कि रिटायर्ड आईएएस श्रुति भारद्वाज ने MD RCDF के पद पर रहते हुए दो वर्षों में कई अनियमितता और पद का दुरुपयोग किया है. सरकार की बजट घोषणाओं को लागू नहीं कराया गया है. सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद भी RCDF में नियमित पदों की भर्ती का विज्ञापन जानबूझकर रोका गया. आरोप है कि जानबूझकर ऐसे फैसले थोपे गए जिससे सरस दुग्ध संघों की वित्तीय स्थिति कमजोर हो गई और प्रतिस्पर्धी अन्य दुग्ध ब्रांडों को बढ़ावा मिला.

dairy unions against over Rajasthan Cooperative Dairy Federation MD appointment

अजमेर दुग्घ संघ ने शासन को भेजी चिट्ठी में गंभीर आरोप लगाए हैं.

करोड़ों रुपये टेंडर चहेतों को देने का आरोप

पशु आहार निर्माण में उपयोग लिए जाने वाले कच्चे माल के करोड़ों रुपये के टेंडर को मुख्यालय से हटाकर पशु आहार संयंत्रों पर कार्यरत छोटे स्तर के कर्मचारियों को ट्रांसफर किया, जबकि इतने बड़े टेंडरों को संपादित करने के लिए संयंत्रों पर कोई भी वित्त और प्रशासनिक मामलों के विशेषज्ञ अधिकारी पदस्थापित ही नहीं है और तानाशाही पूर्वक करोड़ों रुपयों के टेंडरों को इलेक्ट्रीशियन, लैब असिस्टेंट, ऑपरेटर, हेल्पर जैसे छोटे कर्मचारियों से संपादित करवाया गया. अपने चहेते कुछ अधिकारियों को उनके मूल पद से अलग अन्य एक से अधिक बड़े पदों का कार्य सौंपा गया, ये पद उनके मूल पद से बड़े पद थे.

पशुपालकों के हित में सेवारत अधिकारी की नियुक्त की जाए

इससे पहले श्रुति भारद्वाज के खिलाफ जयपुर जिले के मनोहरपुर में काश्तकारों की जमीनों के अवैध खरीद फरोख्त मामलों में कोर्ट केस लंबित है. सरकार के पास नियमित आईएएस की कोई कमी नहीं है. जिस कारण ऐसे महत्वपूर्ण पद पर रिटायर्ड आईएएस को लगाने की जरूरत पड़े. ऐसे में सरकार को तुरंत प्रभाव से नियमित सेवा के सीनियर आईएएस की नियुक्ति करनी चाहिए जिससे विभागीय योजनाओं का लाभ पशुपालकों और आमजन को मिल सके.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 Sep, 2026 | 06:36 PM

लेटेस्ट न्यूज़