पीएम किसान को लेकर लेटेस्ट अपडेट, इनके खातों में आएगी 22वीं किस्त.. सत्यापन के बाद कई नाम कटे

22वीं किस्त जारी होने से पहले सरकार ने लाभार्थियों का बड़े स्तर पर दोबारा सत्यापन (री-वेरिफिकेशन) किया है. इस प्रक्रिया के बाद कई लोगों के नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि पीएम किसान योजना में पारदर्शिता  बढ़ाने और सही पात्र किसानों तक ही लाभ पहुंचाने के लिए यह जांच की जा रही है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 27 Feb, 2026 | 02:06 PM

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM KISAN) की 22वीं किस्त जल्द ही जारी होने वाली है. जो किसान सभी जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी कर चुके हैं, उन्हें कोई समस्या नहीं होगी और रकम सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी. हालांकि, दोबारा सत्यापन, ई-केवाईसी और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद कुछ लोगों के नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं. खास बात यह है कि अभी तक 22वीं किस्त जारी किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक किसान कल्याण योजना है, जिसके तहत पात्र किसानों  को हर चार महीने में 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इस तरह साल भर में कुल 6,000 रुपये उनके बैंक खाते में सीधे जमा किए जाते हैं. यह योजना साल 2018 में शुरू की गई थी और अब तक इसकी 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं. पिछली किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी.

जमीन रिकॉर्ड का सत्यापन है जरूरी

22वीं किस्त जारी होने से पहले सरकार ने लाभार्थियों का बड़े स्तर पर दोबारा सत्यापन (री-वेरिफिकेशन) किया है. इस प्रक्रिया के बाद कई लोगों के नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि पीएम किसान योजना में पारदर्शिता  बढ़ाने और सही पात्र किसानों तक ही लाभ पहुंचाने के लिए यह जांच की जा रही है. इसके लिए दो मुख्य आधार तय किए गए हैं. पहला, जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन. जिन किसानों ने 1 फरवरी 2019 के बाद अपने नाम पर जमीन दर्ज कराई है, उनके दस्तावेजों की विशेष जांच की जा रही है. क्योंकि जमीन का मालिक होना योजना की अहम शर्त है, इसलिए रिकॉर्ड में किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर नाम सूची से हटाया जा सकता है.

इतने लोगों को माना जाता है एक परिवार

दूसरा नियम यह है कि एक परिवार, एक लाभार्थी. इस योजना में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक ही परिवार माना जाता है. ऐसे में एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को योजना का लाभ मिल सकता है. जहां पति और पत्नी दोनों किस्त ले रहे थे, वहां भुगतान रोक दिया गया है.

लाभार्थी सूची में अपना नाम कैसे जांचें

  • सबसे पहले आधिकारिक PM-KISAN पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाएं.
  • होमपेज पर Beneficiary List के विकल्प पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपना राज्य, जिला, उप-जिला (तहसील), ब्लॉक और गांव चुनें.
  • इसके बाद Get Report पर क्लिक करें.
  • स्क्रीन पर आपके गांव की लाभार्थी सूची खुल जाएगी, जहां आप अपना नाम देख सकते हैं.

22वीं किस्त कब जारी होगी?

सरकार ने अभी तक 22वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. हालांकि, संभावना है कि यह किस्त इस सप्ताह या अगले सप्ताह जारी की जा सकती है. केंद्र सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अपडेट जारी कर सकती है.

क्या है पीएम किसान योजना

पीएम-किसान योजना दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजनाओं में से एक है. शुरू होने के बाद से अब तक करोड़ों से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल चुका है. सरकार सीधे नकद सहायता देकर छोटे किसानों की साहूकारों या अनौपचारिक कर्ज पर निर्भरता कम करना चाहती है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर किस्त मिलने से किसान बीज, खाद और कीटनाशक जैसे जरूरी सामान खरीद पाते हैं, जिससे खेती मजबूत होती है, खाद्य सुरक्षा बढ़ती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा मिलता है. यह योजना कृषि क्षेत्र को समर्थन देने की दिशा में सरकार की अहम पहल बनी हुई है.

इतने करोड़ किसानों को हुआ फायदा

बता दें कि अब तक, पीएम किसान योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाया जा चुका है. इस योजना के माध्यम से कुल 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की जा चुकी है. इससे छोटे और सीमांत किसानों के जीवन स्तर में सुधार आया है और वे अपने खेतों में निवेश करके पैदावार बढ़ा रहे हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 27 Feb, 2026 | 02:01 PM

खीरे की फसल के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है?