बीते 125 साल में अगस्त 2026 सबसे गर्म महीने के रूप में दर्ज किया गया है. वहीं, सितंबर में सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विज्ञान विभाग ने अपने मासिक पूर्वानुमान में कम बारिश होने की बात कही है. ऐसे में देरी से मॉनसूनी बारिश की वजह से फसलों की बुवाई में देरी का सामना कर रहे कृषि क्षेत्र के लिए और मुश्किल बढ़ने वाली है. क्योंकि, खरीफ फसलों फूल और दाना बनने की प्रक्रिया में हैं. ऐसे में कम सिंचाई के साथ ही अन्य खर्च भी बढ़ेंगे. वहीं, फसल को पानी मिलने में देरी से क्वालिटी और उत्पादन पर बुरा असर दिखने की चिंता किसानों को सता रही है.
मासिक बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान- आईएमडी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि सितंबर में पूरे देश में कुल मासिक बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है. आईएमडी ने यह भी कहा कि 1901 के बाद से भारत में अगस्त 2026 सबसे गर्म रहा, जिसमें औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अगस्त में गर्मी का 125 साल का रिकॉर्ड टूट गया है. वहीं, सितंबर में कम बारिश की संभावना कृषि फसलों के लिए खतरा बनेंगी और किसानों की कृषि लागत बढ़ेगी.
सामान्य से अधिक तापमान फसलों के लिए मुसीबत बनेगा
मौसम विभाग ने अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा कि सितंबर में बारिश दीर्घावधि औसत (एलपीए) के 91 फीसदी से कम रहने का अनुमान है. आईएमडी ने यह भी कहा कि सितंबर में मासिक औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है. कृषि एक्सपर्ट का मानना है कि यह स्थिति फूल और दाना बनने की स्थिति में पहुंची खरीफ फसलों पर बुरा असर डाल सकता है. वहीं, सिंचाई समेत अन्य खर्च भी बढ़ने की संभावना है.
अल नीनो की मजबूत स्थितियां बनी हुई हैं – मृत्युंजय महापात्रा
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि इस समय भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अल नीनो की मजबूत स्थितियां बनी हुई हैं. मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी) सामान्य से अधिक बना हुआ है. उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में इन परिस्थितियों के और मजबूत होने की संभावना है.
125 साल में अगस्त सबसे गर्म दर्ज किया गया
महानिदेशक के अनुसार भारत में 2026 का अगस्त 1901 के बाद सबसे गर्म रहा क्योंकि औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस महीने का सामान्य औसत तापमान 27.34 डिग्री सेल्सियस है. उन्होंने कहा कि अगस्त 2026 में औसत न्यूनतम तापमान भी 1901 के बाद सबसे अधिक रहा. यह 24.36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सामान्य औसत न्यूनतम तापमान 23.68 डिग्री सेल्सियस है.
इस सीजन 2001 के बाद सातवीं सबसे कम बारिश
आईएमडी ने कहा कि इस महीने 213.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से कम रही और 2001 के बाद सातवीं सबसे कम बारिश है. आईएमडी के अनुसार बारिश के सामान्य से कम रहने की एक प्रमुख वजह भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में बनी मध्यम से मजबूत अल नीनो परिस्थितियां थीं. आईएमडी ने कहा कि अगस्त में चार कम दबाव वाले क्षेत्र बने और ये कुल मिलाकर 26 दिन तक सक्रिय रहे, लेकिन इनसे होने वाली बारिश मुख्य रूप से भारत-गंगा के मैदानी इलाकों तक ही सीमित रही. इसके चलते देश के अन्य हिस्सों में बारिश की कमी बनी रही.