असम बाढ़ राहत पैकेज जारी, हर ग्रामीण परिवार को 15 हजार रुपये.. फसलों का मुआवजा भी मिलेगा

असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों और युवाओं के लिए राहत पैकेज जारी किया है. 16,746 परिवारों को DBT से 15 हजार रुपये खाते में पहुंचाए गए हैं. फसल नुकसान के मुआवजे के लिए भी आकलन रिपोर्ट अंतिम चरण में है और किसानों को मुआवजा जारी होगा.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 1 Sep, 2026 | 01:30 PM

Assam News: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने मंगलवार 1 सितंबर 2026 को दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में बाढ़ प्रभावित परिवारों और युवाओं के लिए बाढ़ राहत पैकेज जारी किया है. इसके साथ ही कई अहम योजनाओं की शुरुआत भी की है. इस दौरान शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों के 16,746 बाढ़ प्रभावित परिवारों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 15,000 रुपये की अंतरिम बाढ़ सहायता जारी की है. इसके साथ ही युवाओं को विदेशी भाषा प्रशिक्षण और स्नातकों को आर्थिक सहायता देने वाली योजनाओं के तहत भी वित्तीय सहयोग देने की घोषणा की है.

16,746 परिवारों के खातों में 15 हजार रुपये की मदद

कार्यक्रम में शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों के बाढ़ प्रभावित परिवारों  को चौथे चरण के तहत अंतरिम राहत राशि दी गई है. कुल 16,746 परिवारों को 15,000 रुपये प्रति परिवार की दर से सहायता दी गई है. इसके लिए कुल 25.12 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से ट्रांसफर की गई है. सरकार का कहना है कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक राहत उपलब्ध कराना इस सहायता का प्रमुख उद्देश्य है. DBT के जरिए राशि सीधे खातों में भेजे जाने से लाभार्थियों को राहत राशि प्राप्त करने में आसानी होगी.

45 हजार हेक्टेयर फसलों के नुकसान की भरपाई होगी

सीएम ने कहा कि किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया चल रही है. राजस्व और कृषि विभाग फसलों के नुकसान की आकलन रिपोर्ट बना रहे हैं. रिपोर्ट आते ही पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि जारी की जाएगी. बता दें कि राज्य में 45 हजार हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है.

CM-FLIGHT से युवाओं को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री की विदेशी भाषा पहल (CM-FLIGHT) के तहत जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शामिल है. इस पहल का उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण  देकर वैश्विक रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है. योजना के तहत प्रशिक्षण लेने वाले उम्मीदवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी. जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षण के लिए प्रति उम्मीदवार 1 लाख रुपये तक की सहायता तीन किस्तों में दी जाएगी. इसके अलावा जापानी भाषा प्रशिक्षण पूरा करने और रोजगार से जुड़ने वाले उम्मीदवारों को पोस्ट-प्लेसमेंट सहायता के रूप में 50,000 रुपये तक दिए जाने का प्रावधान है.

मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा योजना से नए स्नातकों को आर्थिक सहारा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा योजना  के तहत सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों से स्नातक करने वाले युवाओं को वित्तीय सहायता और सहयोग भी दिया जाएगा. योजना का उद्देश्य नए स्नातकों को आगे के करियर और रोजगार की तैयारी के दौरान आर्थिक सहारा देना है. सरकार के अनुसार इस योजना के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने की तैयारी है. इससे युवाओं को नौकरी की तलाश, कौशल विकास और आगे की तैयारी के दौरान आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है. सरकार का फोकस शिक्षा के बाद युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर है.

2026-27 के लिए 118.6 करोड़ रुपये का बजट

CM-FLIGHT के तहत 2026-27 में 888 नए उम्मीदवारों के प्रवेश की योजना  है, जबकि 2025-26 में 148 उम्मीदवार नामांकित हुए थे. वहीं, मुख्यमंत्री की योजनाओं के जरिए युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है. जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रति उम्मीदवार हर महीने 2,500 रुपये की सहायता 12 महीने तक देने का प्रावधान बताया गया है. 2026-27 के लिए इस पहल का कुल बजट 118.6 करोड़ रुपये है. वहीं, मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा योजना और अन्य सहायता कार्यक्रमों के जरिए असम सरकार बाढ़ राहत के साथ युवाओं के आर्थिक और कौशल विकास पर भी जोर दे रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Sep, 2026 | 01:13 PM

लेटेस्ट न्यूज़