12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 80 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं.. फिर से सक्रिय होगा मॉनसून

IMD ने 17 जुलाई को 12 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 20 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसून फिर सक्रिय होने की संभावना है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 17 Jul, 2026 | 07:07 AM

देश के कई हिस्सों में 17 जुला को मौसम खराब रहने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है. IMD के मुताबिक, 17 और 18 जुलाई की शाम दिल्ली और एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि 20 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसून  फिर से सक्रिय हो सकता है. इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आसपास के पहाड़ी राज्यों में बारिश बढ़ने की संभावना है. हालांकि, इस साल मॉनसून पूरे देश में एक जैसा नहीं रहा है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में लगातार अच्छी बारिश हो रही है, जबकि पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी राज्यों के कई हिस्सों में अभी भी केवल छिटपुट बारिश ही हो रही है.

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का हाल

वहीं, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, कुशीनगर, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में भी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग  ने बिहार के गया, औरंगाबाद, सीवान, भोजपुर, शेखपुरा, लखीसराय, पटना, कैमूर, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, अररिया और मुंगेर समेत कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.

झारखंड के इन जिलों में होगी बारिश

वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, सिमडेगा, खूंटी, दुमका, देवघर, हजारीबाग, धनबाद और पलामू में भी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है. यहां 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं  चल सकती हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन और बिलासपुर में भारी बारिश, गरज-चमक और 55 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है.

60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं

जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, कुलगाम, कठुआ, मुजफ्फराबाद, किश्तवाड़, अनंतनाग और उधमपुर में भी IMD ने भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, पूर्व बर्धमान, बांकुरा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर, मालदा और मुर्शिदाबाद में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

वहीं, राजस्थान के अलवर, दौसा, फलौदी, शाहपुरा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और चूरू में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा पंजाब के लुधियाना, चंडीगढ़, बठिंडा, अमृतसर, बरनाला, पठानकोट, फरीदकोट, फिरोजपुर, होशियारपुर और संगरूर में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), बैतूल, बालाघाट, शहडोल, खरगोन, मंडला, देवास, रायसेन, पन्ना, दमोह, नीमच, आगर मालवा, विदिशा, सिवनी, खंडवा, छतरपुर और शिवपुरी में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में बारिश के साथ 55 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 17 Jul, 2026 | 07:03 AM

लेटेस्ट न्यूज़