दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है. इसके चलते मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 जुलाई के लिए देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के चलते कई राज्यों में भारी से भारी बारिश हो सकती है. साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग के मुताबिक, भारी बारिश से शहरों में जलभराव, निचले इलाकों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
मौसम विभाग विभाग के अनुसार, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा. इन राज्यों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कुछ जगहों पर कम समय में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव, स्थानीय बाढ़ और जनजीवन प्रभावित होने का खतरा है.
बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. बारिश से उमस से राहत मिलेगी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी हो सकती है. वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इससे भूस्खलन, अचानक बाढ़ और कई सड़कों के बंद होने का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और भारी बारिश के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचें.
- फिर एक्टिव हुआ मॉनसून, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली में लुढ़केगा तापमान
- आग लगाने से 700 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, पूर्व CM ने की मुआवजे की मांग
- प्याज पैदावार में 29 फीसदी गिरावट की आशंका, रकबा भी हुआ कम.. बारिश से फसल चौपट
- UP में किसानों से होगी 20 लाख टन आलू की खरीद, सरकार से मिली मंजूरी.. इतने रुपये क्विंटल होगा रेट
आंध्र प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा
IMD के अनुसार, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इन राज्यों के कई जिलों में व्यापक बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की भी संभावना है. वहीं, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है. आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश की वजह से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, दृश्यता कम हो सकती है और निचले शहरी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने खासकर निचले इलाकों, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है. आईएमडी ने कहा है कि जलभराव वाली सड़कों पर जाने से बचें और गरज-चमक के दौरान घर के अंदर ही रहें. घर के बाहर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. अगर आप हिमालयी राज्यों की यात्रा पर जा रहे हैं, तो निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें. वहीं, दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों के लोगों को भारी बारिश के कारण ट्रैफिक जाम और यात्रा में देरी के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है.