अगले 7 दिन भारी पड़ सकते हैं! IMD का बड़ा अलर्ट, कई राज्यों में बाढ़-भूस्खलन का खतरा

देशभर में मानसून फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. 8 चक्रवाती सिस्टम और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण कई राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना है. जहां किसानों को राहत मिलेगी, वहीं पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 20 Jul, 2026 | 05:56 PM

IMD Rain Alert: देश में मॉनसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के कारण उत्तर, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत में बारिश का दौर तेज होने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. जहां एक ओर यह बारिश खरीफ फसलों और जलाशयों के लिए राहत लेकर आएगी, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदी-नालों के उफान का खतरा भी बढ़ गया है. विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.

आठ चक्रवाती परिसंचरण से मॉनसून को मिली नई ताकत

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय उत्तर भारत और आसपास के क्षेत्रों में आठ चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. इनके साथ मॉनसूनी ट्रफ भी अनुकूल स्थिति में बनी हुई है, जिससे बंगाल की खाड़ी  से लगातार नमी उत्तर और पूर्वी भारत तक पहुंच रही है. यही वजह है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह स्थिति एक नए कम दबाव के क्षेत्र के बनने के लिए भी अनुकूल है, जिससे बारिश का दौर और तेज हो सकता है.

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, खतरा बढ़ा

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी  जारी की है. इन राज्यों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कों के बाधित होने का खतरा बना हुआ है. पूर्वोत्तर राज्यों, विशेषकर असम और मेघालय में भी कई स्थानों पर अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है. बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.

देश के कई हिस्सों में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान के कई इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. पश्चिमी तट के कोंकण, गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दक्षिण भारत के केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी व्यापक बारिश का अनुमान है. इससे खरीफ फसलों  की बढ़वार को फायदा मिलेगा और जलाशयों में पानी का स्तर सुधरेगा.

अल नीनो का असर आगे बदल सकता है मॉनसून की चाल

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा बारिश के बावजूद आने वाले समय में मॉनसून की तीव्रता  सामान्य या कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम हो सकती है. इसकी बड़ी वजह अल नीनो का प्रभाव माना जा रहा है, जो मॉनसून की सक्रियता को कमजोर कर सकता है. हालांकि फिलहाल किसानों के लिए यह बारिश लाभदायक साबित होगी, लेकिन पहाड़ी राज्यों में खतरा अभी टला नहीं है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jul, 2026 | 05:56 PM

लेटेस्ट न्यूज़