22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली में आज से दिखेगा मौसम का नया रंग.. चलेंगी तेज हवाएं

IMD ने देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 20 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में मॉनसून के तेज होने की संभावना है. पंजाब-हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 20 Jul, 2026 | 07:07 AM

Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 22 राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बरसात का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मेघालय, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और नागालैंड शामिल हैं.

IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है. खासकर भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं से लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में 22 जुलाई तक होगी बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में मॉनसून फिर से सक्रिय  होगा. इस दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. फिलहाल, दिल्ली में मॉनसून की बारिश सामान्य से करीब 25 फीसदी कम रही है, लेकिन आने वाले दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है.

23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी  दी है. इसे देखते हुए 20 से 22 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है. IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 6-7 दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा. पंजाब और हरियाणा में 20 से 23 जुलाई के बीच कई जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं 19 और 24 जुलाई को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

पंजाब और हरियाणा में मौसम का हाल

हाल के दिनों में पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और रूपनगर  में बारिश दर्ज की गई. वहीं हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, भिवानी, नूंह और यमुनानगर में भी अलग-अलग मात्रा में बारिश हुई. हालांकि, 1 जुलाई को मॉनसून पहुंचने के बाद शुरुआती दिनों में बारिश सामान्य से ज्यादा रही थी, लेकिन बाद में इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई. इसी वजह से पंजाब और हरियाणा में अब तक मॉनसून की बारिश सामान्य से कम रही है. IMD ने फिलहाल दोनों राज्यों में मॉनसून की स्थिति को कमजोर बताया है.

पंजाब में 18 जुलाई तक 61.6 मिमी बारिश हुई

IMD के अनुसार, 1 जुलाई से 18 जुलाई की सुबह तक पंजाब में 61.6 मिमी बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश (LPA) 91.9 मिमी होनी चाहिए थी. यानी राज्य में 33 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. वहीं हरियाणा में इस दौरान 67.9 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 84.1 मिमी होती है. यानी यहां 19 फीसदी बारिश की कमी रही. IMD के मुताबिक, जुलाई में अब तक पंजाब के सिर्फ 6 जिलों- फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, लुधियाना, गुरदासपुर और पठानकोट में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है. वहीं हरियाणा के फरीदाबाद, करनाल, कुरुक्षेत्र, पलवल, रेवाड़ी और यमुनानगर में भी बारिश सामान्य से अधिक दर्ज की गई.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jul, 2026 | 06:59 AM

लेटेस्ट न्यूज़